कोर्ट में पेश नहीं हो सके सक्षम जमानती, रिहाई की औपचारिकताएं अधूरी रहने से अटकी प्रक्रिया
समाचार सच, हरिद्वार डेस्क।
अदालत से जमानत मिलने के बाद भी अभिनेत्री उर्मिला सनावर की जेल से बाहर आने की राह आसान नहीं हो पाई है। जमानत आदेश जारी होने के बावजूद आवश्यक जमानती की व्यवस्था नहीं हो पाने से उनकी रिहाई अटक गई है। सोमवार को जमानत मिलने के बाद मंगलवार को भी सक्षम जमानती न्यायालय में पेश नहीं हो सके। इसके चलते उन्हें रोशनाबाद स्थित जिला कारागार में एक और रात बितानी पड़ेगी।
उर्मिला सनावर की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि जमानत मिलने के बाद रिहाई के लिए कुछ आवश्यक न्यायिक औपचारिकताएं पूरी करनी होती हैं। मंगलवार को भी सक्षम जमानती उपलब्ध नहीं हो पाए, जिस कारण रिहाई की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। जमानती पेश होने और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें जेल से रिहा किया जा सकेगा।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने बीती 25 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके अलावा रविदास धाम की संपत्ति अपने नाम कराने के एवज में पांच करोड़ रुपये की मांग करने और मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए थे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उर्मिला सनावर को सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हरिद्वार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। इसके बाद से वह रोशनाबाद जिला कारागार में बंद हैं।
जमानत के बाद भी इंतजार बरकरार
जेल में बंद उर्मिला सनावर की ओर से न्यायालय में जमानत याचिका दाखिल की गई थी। सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने उन्हें जमानत प्रदान कर दी, लेकिन जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण उसी दिन रिहाई संभव नहीं हो पाई। मंगलवार को भी जमानती के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने से उनकी रिहाई टल गई।
वहीं, वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने स्पष्ट किया कि न्यायालय से रिहाई के संबंध में जो भी आदेश प्राप्त होगा, जेल प्रशासन उसी के अनुसार कार्रवाई करेगा। फिलहाल सभी की नजरें सक्षम जमानती के न्यायालय में पेश होने और रिहाई की शेष औपचारिकताएं पूरी होने पर टिकी हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



