व्यापारियों ने बस स्टेशनों को अस्थायी रूप से शिफ्ट करने, पार्किंग और सफाई व्यवस्था सुधारने की उठाई आवाज

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
दीपावली के त्योहार पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए हल्द्वानी के व्यापारियों ने अभी से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग उठाई है। बाजार में बढ़ते अतिक्रमण, सड़क पर लगने वाले ठेलों, पार्किंग की समस्या और लगातार लगने वाले जाम को लेकर व्यापारी प्रतिनिधियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से त्योहार से पहले बाजार को व्यवस्थित करने और ग्राहकों की सुविधा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि हल्द्वानी का मुख्य बाजार इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के चलते आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे सामान फैलाने, दुकानों के सामने की जगह किराये पर देने और घुमंतू ठेले वालों द्वारा सड़क एवं रास्तों पर कब्जा करने से बाजार में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। ऐसी स्थिति में दीपावली के दौरान खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने मांग की कि बाजार क्षेत्र में किए गए अनावश्यक और अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए। साथ ही घुमंतू ठेले वालों और सड़क किनारे अस्थायी दुकान लगाने वालों के लिए किसी दूसरे स्थान पर व्यवस्थित व्यवस्था बनाई जाए, ताकि बाजार में आवागमन सुचारू रहे और ग्राहक बिना परेशानी खरीदारी कर सकें।
त्योहार तक रोडवेज और केएमओयू बस स्टेशन शिफ्ट करने की मांग
व्यापारियों ने बाजार में जाम की समस्या के समाधान के लिए रोडवेज और केएमओयू बस स्टेशनों को दीपावली तक अस्थायी रूप से अन्यत्र शिफ्ट करने का सुझाव दिया। उनका कहना है कि बसों के आवागमन और बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। त्योहार के दौरान इन बस स्टेशनों को अस्थायी रूप से दूसरी जगह संचालित करने से बाजार आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिल सकती है।
ज्ञापन में यह सुझाव भी दिया गया कि बस स्टेशनों के स्थान पर बाजार के बाहर लगने वाले ठेले और जमीन पर दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित तरीके से जगह दी जा सकती है। इससे एक ओर बाजार में आवागमन सुगम होगा, वहीं दूसरी ओर छोटे कारोबारियों को भी रोजगार के लिए उचित स्थान मिल सकेगा।
पार्किंग और शौचालयों की सफाई पर भी जोर
व्यापारियों ने दीपावली के मद्देनजर बाजार में अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि पार्किंग की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से ग्राहक बाजार आने से कतराते हैं। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने कहा कि बाजार की बेहतर व्यवस्था होने से ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने प्रशासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर दीपावली से पहले आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि त्योहार सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।
ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष कैलाश जोशी, महानगर महामंत्री मधुकर बनोला, महानगर महिला अध्यक्ष रेनू टंडन, महिला महामंत्री प्रेमा बिष्ट, युवा महानगर अध्यक्ष प्रशांत अधिकारी, युवा महानगर महामंत्री गौरव गुप्ता, जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे, युवा जिलाध्यक्ष प्रदीप सब्बरवाल, युवा कोषाध्यक्ष पवन वर्मा, महिला जिलाध्यक्ष कुसुम दीगारी, जिला सह कोषाध्यक्ष विजय तिवारी, जिला संयुक्त महामंत्री कौशलेंद्र भट्ट, जिला सचिव अरविंद चौहान तथा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के संरक्षक एनके पांडे सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



