उत्तराखंड में 276 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न विभागों में चयनित 276 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर सरकारी सेवाओं में शामिल किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्यसेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में वन विभाग के 109, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 88, प्राविधिक शिक्षा विभाग के 65 तथा नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के 14 युवा शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि जनसेवा के नए दायित्व की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं ने वर्षों के परिश्रम, अनुशासन और धैर्य के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो उनकी प्रतिभा और समर्पण का परिचायक है।

यह भी पढ़ें -   आज का पंचांग एवं राशिफल: शारदीय नवरात्रि का पांचवां दिन आज, मां स्कंदमाता की पूजा से मिलता है सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। नकल और भर्ती घोटालों पर रोक लगाने के लिए प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को मेरिट और पारदर्शिता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर दिया गया है।

सीएम धामी ने नवचयनित कार्मिकों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि योग्य और कर्मठ युवाओं की भागीदारी से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव होता है।

उन्होंने कहा कि नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के कर्मचारी प्रदेश के सुनियोजित विकास में योगदान देंगे, जबकि प्राविधिक शिक्षा विभाग से जुड़े युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। वहीं, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के कार्मिक मातृ एवं बाल कल्याण योजनाओं को मजबूती देंगे और वन विभाग में चयनित युवा राज्य की वन संपदा और जैव विविधता के संरक्षण में अहम भूमिका निभाएंगे।

यह भी पढ़ें -   शारदीय नवरात्रि 2026: नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायिनी की जाने पूजा विधि, मंत्र, आरती और पौराणिक कथा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप उत्तराखंड भी विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार, निवेश को बढ़ावा और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवचयनित युवा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते हुए उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440