समाचार सच, देहरादून। पिछले दिनों भारी बारिश के कारण प्रदेश में चार राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 311 सड़कें बंद हो गई थीं। कई सड़कें ध्वस्त हो गई थीं। 212 सड़कें पहाड़ों से मलबा आने से बाधित हो गई थीं। दावा किया गया है कि इनमें से 99 सड़कों को खोल दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, सड़कों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बदरीनाथ, यमुनोत्री, पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग गौरी कुंड हाईवे कुछ स्थानों पर चट्टानें आ जाने के कारण बंद रहा। बीआरओ, लोनिवि और आलवेदर रोड परियोजना की कार्यदायी एजेंसियों की मदद से मार्ग खोलने के प्रयास जारी हैं। कुछ स्थानों पर छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए मार्ग खुलने की संभावना है। बारिश के कारण नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और जिला मोटर मार्गों के अलावा ग्रामीण सड़कों को भी भारी नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर सड़कें टूट गई हैं तो कई जगहों पर पुलों को भी क्षति पहुंची है। अनुमान है कि इन सभी सड़कों व पुलों को पुरानी अवस्था में लाने के लिए 60 करोड़ से अधिक की धनराशि की आवश्यकता होगी। लोनिवि के विभागाध्यक्ष हरिओम शर्मा के मुताबिक, सड़कों को खोलने के लिए 310 मशीनों को तैनात किया गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












