समाचार सच, हल्द्वानी। फर्जी दस्तावेज लगाकर बैंक से करोड़ों का लोन लेने का मामला प्रकाश में आया है। मामला दो वर्ष पुराना बताया जा रहा है। इसका खुलासा होने पर बैंक प्रबंधन ने पांच लोगों के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। नैनीताल रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक पराग जैन ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व दनजीर सिंह निवासी रणवीर गार्डन, अंग्रेज सिंह, मुख्त्यार सिंह, बलजिन्दर सिंह पुत्र गुरूदयाल निवासी निवासी रॉयल फ्लोर मिल डहरिया मुखानी व गुरमीत सिंह पुत्र हरजीत सिंह निवासी उदयलालपुर ने बैंक से पांच करोड़ का लोन फ्लोर मिल के नाम पर लिया। जब लंबे समय तक लोन की किश्तें अदा नहीं की गई तो बैंक ने अपने स्तर से छानबीन शुरू कराई। जिसमें लोन के दस्तावेजों के फर्जी होना पाया गया। जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ कि जिस भूमि पर उक्त लोगों ने फ्लोर मिल लगाने के लिए लोन लिया है, वह उनके नाम पर दर्ज ही नहीं है। इस पर बैंक प्रबंधक ने पुलिस से आरोपियों पर कार्यवाही की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


