समाचार सच, उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के दुर्गम कालिंदी ट्रेक पर ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकालने में रेस्क्यू टीमों को सफलता मिली है। सोमवार को मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच चलाए गए संयुक्त अभियान में सभी ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर के जरिए हर्षिल पहुंचाया गया।
हर्षिल पहुंचने के बाद सभी ट्रेकर्स को आर्मी बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की। प्रशासन के अनुसार सभी ट्रेकर्स की हालत सामान्य बताई गई है।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और यूसीएडीए की टीमें संयुक्त रूप से जुटी रहीं। एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में अभियान की लगातार निगरानी की गई और मौके पर मौजूद टीमों से समन्वय बनाए रखा गया।
अधिकारियों के मुताबिक उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम के तेजी से बदलने और कठिन रास्तों के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण था। बेहतर तालमेल के चलते ओडिन कॉल में फंसे सभी 29 लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका।
वहीं, उत्तरकाशी के अन्य ट्रेक रूटों पर भी कई ट्रेकर्स के फंसे होने की सूचना है और उनके लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उधर बागेश्वर में भी 43 ट्रेकर्स फंसे होने की जानकारी है। इनमें पिंडारी ग्लेशियर के पास 23 और खाती गांव में 20 ट्रेकर्स बताए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार सभी सुरक्षित हैं और उन्हें निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



