समाचार सच, उत्तरकाशी। गंगोत्री नेशनल पार्क के गोमुख-तपोवन क्षेत्र में अचानक हुई भारी बर्फबारी के चलते फंसे 121 ट्रेकरों को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रविवार को चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम ने चुनौतीपूर्ण मौसम और हिमस्खलन के खतरे के बीच सभी ट्रेकरों को सुरक्षित गंगोत्री पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, ये ट्रेकर पिछले कुछ दिनों में गोमुख और तपोवन क्षेत्र में ट्रेकिंग व कैंपिंग के लिए पहुंचे थे। शनिवार दोपहर बाद मौसम बिगड़ने के साथ भारी बर्फबारी शुरू होने से ट्रेक पर आवाजाही मुश्किल हो गई थी।
स्थिति की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने अभियान शुरू किया। कनखू बैरियर प्रभारी वन दारोगा राजवीर रावत के अनुसार, लगातार बर्फबारी और संवेदनशील रास्तों के बावजूद टीम ने सावधानी के साथ सभी 121 ट्रेकरों को सुरक्षित निकाल लिया।
वहीं, उत्तरकाशी के अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 136 ट्रेकरों के लिए भी हवाई रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया है। इनमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89, कालिंदी पास बेस कैंप के 18 और ऑडन कोल पास बेस कैंप के 29 सदस्य शामिल बताए गए हैं। हर्षिल से तीन हेलीकॉप्टरों के जरिए रेस्क्यू शुरू किया गया है और अब तक 21 ट्रेकरों को सुरक्षित हर्षिल लाया जा चुका है।
इधर, मौसम में सुधार के बाद दो दिन से रुकी चारधाम यात्रा भी सोमवार को दोबारा शुरू हो गई। प्रशासन ने यात्रा मार्गों पर पुलिस और संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा मौसम और सड़क की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



