केदारनाथ यात्रा मार्ग पर टूटा पहाड़ का कहर, पत्थर की चपेट में आकर 5 साल के मासूम की मौत, 1100 यात्रियों का रेस्क्यू

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रप्रयाग।
केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा के दौरान रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने यात्रियों को झकझोर दिया। चीरबासा क्षेत्र में अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान मलबा और पत्थर गिरने से पैदल मार्ग भी बाधित हो गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्री रास्ते में फंस गए।

जानकारी के अनुसार रविवार, 27 सितंबर की शाम करीब 4:39 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को चीरबासा क्षेत्र में भूस्खलन और पत्थर गिरने की सूचना मिली। बताया गया कि अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर नीचे आ गिरे और इसकी चपेट में एक पांच वर्षीय बच्चा आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही केदारनाथ पैदल मार्ग पर तैनात रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति को संभालते हुए मृतक बच्चे को पालकी के जरिए एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी तक पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान यश पुत्र रोहताश यादव, उम्र पांच वर्ष, निवासी एटा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

मलबा आने से रास्ता हुआ बाधित, यात्री फंसे
चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग का एक हिस्सा बाधित हो गया। मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। प्रभावित क्षेत्र में फंसे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें -   बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत: तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल टली, आज से सामान्य रूप से खुलेंगे बैंक

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक करीब 1100 यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। शेष यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित निकासी को लेकर भी टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

यह भी पढ़ें -   कालिंदी ट्रेक पर राहत की खबर, ओडिन कॉल में फंसे सभी 29 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए

बारिश के बीच लगातार निगरानी
चीरबासा का इलाका भूस्खलन और पहाड़ी से पत्थर गिरने की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। बारिश के बीच अचानक पत्थर गिरने की इस घटना ने एक बार फिर केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चुनौती सामने ला दी है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू अभियान पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ चलाया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्र में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम जारी है।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, धैर्य बनाए रखें और रेस्क्यू टीमों तथा सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440