हल्द्वानी से उत्तराखंड के खेल इतिहास में नया अध्याय, CM धामी ने किया राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय का शिलान्यास, 43.50 करोड़ के काम शुरू

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
राष्ट्रीय खेल दिवस पर शनिवार को हल्द्वानी का गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ऐतिहासिक अवसर का गवाह बना। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय और मानसखंड खेल परिसर के प्रथम चरण के 43.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसी के साथ विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ भी हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौलापार से उत्तराखंड के खेल इतिहास में नए अध्याय की शुरुआत हुई है। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल कर ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है।

खिलाड़ियों को अब प्रदेश में ही मिलेगी उच्च स्तरीय खेल शिक्षा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अब तक खेल शिक्षा और विशेष प्रशिक्षण के लिए उत्तराखंड के खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन क्रीड़ा विश्वविद्यालय बनने के बाद प्रदेश के युवाओं को अपनी ही देवभूमि में आधुनिक खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नई पौध तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनेगा।

2027 राष्ट्रीय खेल और ओलंपिक-2036 पर सरकार की नजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने और ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए अभी से विशेष रोडमैप तैयार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -   CM धामी का बड़ा फैसला: विकास योजनाओं के लिए ₹53.72 करोड़ मंजूर, रामनगर सीवरेज योजना को ₹42.75 करोड़

उन्होंने कहा कि खेलों में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से उदीयमान खिलाड़ियों की फिटनेस का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा।

खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, पदक विजेताओं का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया।

वर्ष 2024 के लिए एथलेटिक्स की अंकिता को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और एथलेटिक्स के लोकेश चौधरी को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया गया।

वर्ष 2025 के लिए शूटिंग के अभिनव देशवाल को खेल रत्न, क्याकिंग एंड कैनोइंग के मुकेश शर्मा को द्रोणाचार्य और बॉक्सिंग के मुकेश चंद्र बेलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया गया।

दिव्यांग श्रेणी में शूटिंग के शौर्य सैनी को हिमालय रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मॉडर्न पेंटाथलॉन की टीम श्रेणी में सक्षम प्रताप सिंह और ममता खाती तथा बॉक्सिंग की एकल श्रेणी में खुशी चंद को भी सम्मानित किया गया।

23 हाईटेक खेल अकादमियां बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों के लिए आधुनिक आधारभूत ढांचा तैयार किया जा रहा है। ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के जरिए प्रत्येक जिले की विशेष खेल पहचान विकसित की जाएगी।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में व्यापारियों से CM धामी का सीधा संवाद, बोले- “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है”

इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विभिन्न खेलों के लिए 23 नई हाईटेक खेल अकादमियों की स्थापना की दिशा में काम चल रहा है। लोहाघाट में प्रदेश का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज भी संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, खेल छात्रवृत्ति, खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता तथा खेल चोट और आकस्मिक परिस्थितियों में बीमा जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।

29 खिलाड़ियों को मिल चुकी सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को भी विभिन्न विभागों में सेवायोजित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मैदान में पूरी मेहनत और समर्पण के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाई, संसाधनों की कमी या अवसरों का अभाव किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी के सपने के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया जाएगा।

कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, खेल विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440