उत्तराखंड में अगले 4 दिन भारी! 70 MM तक बारिश का अलर्ट, 43 सड़कें पहले से बंद… पहाड़ जाने से पहले जरूर पढ़ लें यह खबर

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। अगर आप अगले कुछ दिनों में नैनीताल, मसूरी, चारधाम या उत्तराखंड के किसी भी पहाड़ी इलाके की यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और मौसम विभाग ने 10 जुलाई तक पूरे उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके साथ ही सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि प्रदेश के कई इलाकों में 70 मिलीमीटर या उससे अधिक बारिश दर्ज होने की संभावना जताई गई है। यदि इतनी बारिश कम समय में होती है तो भूस्खलन, सड़कें बंद होने, चट्टानें गिरने, नदियों-नालों के उफान पर आने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।

बारिश का असर अभी से दिखाई देने लगा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में फिलहाल 43 सड़कें बंद हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग की 12 और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 31 सड़कें शामिल हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में आसान ऑनलाइन लोन का झांसा देकर 63 वर्षीय व्यक्ति से 3.12 लाख की साइबर ठगी

आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को लगातार निगरानी रखने, मशीनें तैयार रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 70 एमएम से अधिक वर्षा दर्ज हो सकती है। हालांकि यह बारिश कितनी देर में होगी, इसका सटीक अनुमान अभी संभव नहीं है। यदि कम समय में तेज बारिश होती है तो नुकसान की आशंका बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ें -   रक्षाबंधन पर बहनों को धामी सरकार की सौगात, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर

प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों पर सफर करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें। बारिश के दौरान पहाड़ों में भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार के कुछ हिस्सों सहित नैनीताल, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440