हल्द्वानी डकैती कांड का बड़ा खुलासा: जुए में हारे लाखों रुपये की भरपाई के लिए रची साजिश, 2 आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर लाखों रुपये की डकैती की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की नकदी, एक 315 बोर का तमंचा और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव, तीनपानी क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने एक कार्यालय/गैराज में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। शिकायत के अनुसार बदमाश करीब 8 लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूटकर फरार हो गए थे। वारदात में करीब 10 हथियारबंद लोगों के शामिल होने की बात सामने आई थी।

CCTV और सर्विलांस से खुली साजिश की परतें
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया। पूछताछ और जांच के दौरान दो संदिग्धों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

यह भी पढ़ें -   चमोली में दर्दनाक हादसा: खाई में समाई सेना के जवान की कार, संदीप गौड़ की मौत

पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों का संपर्क किच्छा निवासी एक व्यक्ति से था। बताया गया कि जुए में लाखों रुपये हारने के बाद आर्थिक परेशानी से गुजर रहे व्यक्ति ने गोरापड़ाव में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की जानकारी दी। इसके बाद डकैती की योजना तैयार की गई।

पहले रेकी, फिर नकाब पहनकर धावा
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले घटनास्थल की रेकी की। इसके बाद अन्य लोगों को योजना में शामिल किया गया। आरोप है कि हथियारों से लैस होकर नकाबपोश बदमाश कार्यालय में पहुंचे और लोगों को डराकर नकदी, मोबाइल और जेवरात लूट लिए।

वारदात के बाद लूटी गई रकम को आपस में बांट लिया गया, जबकि मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए गए, ताकि पुलिस को डिजिटल साक्ष्य न मिल सकें।

दो आरोपियों से बरामद हुए रुपये और हथियार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वंशप्रीत के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस, जबकि रखवीर सिंह से 35 हजार रुपये और 315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

यह भी पढ़ें -   पूर्व विधायक की वोटरों को अजीब चेतावनी, कहा-मेरा पानी पीकर वोट नहीं दिया तो पेट में पड़ेंगे कीड़े

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में अन्य धाराएं भी बढ़ाई हैं। साथ ही वारदात को संगठित तरीके से अंजाम दिए जाने के आधार पर नए कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की बात कही गई है।

एक आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं दूसरे आरोपी वंशप्रीत के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डकैती के जल्द खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम की सराहना की है। टीम को उत्साहवर्धन के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि डकैती की वारदात में शामिल बाकी आरोपी कौन हैं और उनके पास लूटी गई रकम या अन्य सामान का कितना हिस्सा पहुंचा। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440