उत्तराखंड में मौसम का बड़ा अलर्ट! इन 5 जिलों पर भारी बारिश का खतरा, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के पांच जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज गर्जना की संभावना है। इसके अलावा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी रुक-रुककर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।

राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें -   वरिष्ठ पत्रकार विश्वजीत नेगी को भाजपा ने बनाया प्रदेश प्रवक्ता, 8 नए चेहरों से मजबूत हुई प्रवक्ता टोली

लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। कई संपर्क मार्गों पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात प्रभावित हो सकता है। वहीं नदी, नाले और गदेरे उफान पर आने की आशंका के चलते लोगों से इनके आसपास न जाने की अपील की गई है।

यह भी पढ़ें -   नेपाल में कुदरत का कहर! 157 मौतें, 750 से ज्यादा लापता… 133 भारतीय भी शामिल, भारत ने भेजी 10 टन राहत सामग्री

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग को चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी सड़कें भूस्खलन से बाधित हों, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल खोलने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

मानसूनी बारिश के चलते उत्तराखंड के कई पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन पहले से ही प्रभावित है। ऐसे में अगले 24 घंटे संवेदनशील जिलों के लिए चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440