2027 चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर, बूथ स्तर पर 51 फीसदी वोट हासिल करने का लक्ष्य

खबर शेयर करें

60 पार के नारे के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी, धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाएगी पार्टी

समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद भाजपा ने एक बार फिर 60 पार का लक्ष्य दोहराते हुए संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति तैयार की है। पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर 51 फीसदी से अधिक वोट हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सरकार के पांच साल के कामकाज और उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाने के साथ ही विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस को घेरने की रणनीति बनाई गई है।

बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क पर रहेगा विशेष जोर
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनावी जीत की असली ताकत बूथ स्तर पर होती है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से योजनाबद्ध तरीके से जुटना होगा। पार्टी ने संपर्क, संवाद, सहभाग और सेवा के मंत्र के साथ प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने पर जोर दिया है।

भाजपा की रणनीति केवल परंपरागत वोट बैंक को मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने की भी है। इसके लिए नियमित जनसंपर्क, पार्टी कार्यक्रमों में आम लोगों की भागीदारी और पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी बनाने की योजना तैयार की गई है। पार्टी चाहती है कि कार्यकर्ता चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे साल जनता के बीच सक्रिय रहें।

घर-घर पहुंचाया जाएगा मोदी-धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड: भाजपा आगामी चुनाव में केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के कामकाज को प्रमुखता से जनता के सामने रखने की तैयारी कर रही है। अरविंद मेनन के मुताबिक, सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए व्यक्तिगत जनसंपर्क के साथ सोशल मीडिया और प्रचार के आधुनिक माध्यमों का भी इस्तेमाल होगा।

प्रदेश कार्यसमिति के राजनीतिक एवं आर्थिक प्रस्ताव में भी धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल और राज्य में हुए विकास कार्यों को प्रमुखता दी गई है। इसमें अर्थव्यवस्था, रोजगार, निवेश, सड़क, रेल, पर्यटन, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण से जुड़े आंकड़ों को सरकार की उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल: 23 नवंबर 2026 । सोमवार वैकुण्ठ चतुर्दशी पर बन रहे हैं विशेष संयोग, जानिए कैसा रहेगा सभी 12 राशियों का दिन

विकास के आंकड़ों को चुनावी एजेंडा बनाएगी भाजपा
भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव के अनुसार, वर्ष 2022 के बाद उत्तराखंड के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 50 फीसदी और प्रति व्यक्ति आय में 41 फीसदी की वृद्धि हुई है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के धरातल पर उतरने का दावा भी किया गया है।

पार्टी का कहना है कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और नकल विरोधी कानून के चलते प्रदेश में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां मिली हैं। इसके अलावा करीब 2,200 स्टार्टअप और आठ हजार से अधिक होमस्टे संचालित होने को रोजगार एवं स्वरोजगार के बढ़ते अवसरों के रूप में जनता के सामने रखा जाएगा। प्रस्ताव में पलायन में 44 फीसदी की कमी आने का दावा भी शामिल है।

महिला समूहों और धार्मिक पर्यटन पर भी रहेगा फोकस
भाजपा ने महिला सशक्तीकरण को भी अपने चुनावी अभियान का अहम हिस्सा बनाने की तैयारी की है। पार्टी के प्रस्ताव में बताया गया है कि प्रदेश में करीब 43 हजार स्वयं सहायता समूहों को सहयोग दिया जा रहा है। इन समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों को भी चुनावी प्रचार में प्रमुखता दी जाएगी।

धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यों को भी भाजपा जनता के बीच ले जाएगी। इनमें केदारनाथ पुनर्निर्माण, बदरीनाथ मास्टर प्लान, मानसखंड मंदिर माला मिशन और आदि कैलाश क्षेत्र का विकास शामिल है। प्रस्ताव में वर्ष 2026 में छह करोड़ से अधिक पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के उत्तराखंड पहुंचने का आंकड़ा भी दिया गया है। वहीं, वर्ष 2027 में हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों के लिए 1,027 करोड़ रुपये के विशेष प्रावधान का उल्लेख किया गया है।

कांग्रेस को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरने की तैयारी
भाजपा ने चुनावी रणनीति में विपक्ष, खासकर कांग्रेस को घेरने के लिए भी मुद्दे तय किए हैं। प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के शासनकाल और उसके राजनीतिक चरित्र को जनता के बीच उजागर करने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार का कोई ओलंपिक या खेल होता तो गोल्ड मेडल कांग्रेस को मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में ए से जेड तक कोई ऐसा अक्षर नहीं बचा, जिसके नाम से घोटाला न हुआ हो।

यह भी पढ़ें -   गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित छठी और अंतिम प्रभात फेरी सम्पन्न, गुरुद्वारे में शुरू हुआ अखंड साहिब पाठ

भाजपा के राजनीतिक प्रस्ताव में भी कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाए गए हैं। इसके साथ ही विपक्ष पर नकारात्मक और विकास विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया गया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर पार्टी ने कहा है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए और सूची की शुद्धता बनाए रखना जरूरी है।

त्रिदेव सम्मेलन और पन्ना प्रमुख व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
भाजपा ने वर्ष 2027 के चुनाव में 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दोहराते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दावा किया है। प्रदेश कार्यसमिति के प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चुनाव मैदान में उतरने की बात कही गई है।

संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में त्रिदेव सम्मेलन आयोजित करने और बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री तथा बीएलए की भूमिका को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है। पार्टी ने हाल के महीनों में तीन हजार से अधिक लोगों के भाजपा की सदस्यता लेने का भी उल्लेख किया है।

तीन प्रमुख आधारों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा
कुल मिलाकर भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति के तीन प्रमुख आधार तय किए हैं। पहला, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत कर प्रत्येक बूथ पर 51 फीसदी से अधिक वोट हासिल करना। दूसरा, मोदी और धामी सरकार की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड घर-घर पहुंचाना। तीसरा, भ्रष्टाचार और विपक्ष की राजनीति के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरना।

अब देखना होगा कि भाजपा की यह रणनीति आगामी विधानसभा चुनाव में कितनी प्रभावी साबित होती है और क्या पार्टी 60 पार के लक्ष्य को हासिल कर उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का इतिहास रच पाती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440