समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार आपदा प्रबंधन में पूर्णतया विफल रही है। सीमांत इलाकों में विशेषकर मुनस्यारी, पिथौरागढ़, धारचूला आदि क्षेत्र भारी बारिश के कारण बुरी तरह आपदा से प्रभावित हैं। लेकिन सरकार द्वारा इस संबंध में न तो किसी तरह के मुआवजे की घोषणा की गई है और न ही प्रभावित क्षेत्रों की जनता के विस्थापन के लिए कोई प्रभावी कदम उठाये गये हैं। सरकार का कोई भी प्रतिनिधि अभी तक इन आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौर करने तक नहीं गया है। वहीं इस क्षेत्र के कांग्रेस विधायक हरीश धामी तथा राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पूरे आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर लोगों की समस्याओं की जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री से क्षेत्र में शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। कहा है कि यह सीमांत इलाका चीन व नेपाल से जुड़े होने के कारण अति महत्वपूर्ण है। इस सीमान्त इलाके की उपेक्षा से वहां की जनता बेहद नाराज है। नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री के सीमान्त क्षेत्रों का दौरा करने का समाचार मिल रहा है। उन्होंने आशा जताई है कि मुख्यमंत्री प्रभावित क्षेत्र के निवासियों का दर्द महसूस कर नउनके नुकसान व पुनर्वास हेतु आवश्यक कदम उठायेंगे। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने किसानों की समस्याओं की तरफ भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। कहा है कि प्रदेश का किसान परेशान है। धान की फसल को आवश्यकतानुसार बाजार में यूरिया उपलब्ध नहीं है। सरकार दिन-रात किसानों को दी जा रही रियायतों का गुणगान करती है, परंतु धान की फसल के लिए अति आवश्यक यूरिया की व्यवस्था नहीं कर पा रही है। कहा कि मनमाने ढंग से डीजल के दामों में वृद्धि कर सरकार पहले ही किसानों की कमर तोड़ने का काम कर चुकी है और उस पर यूरिया उपलब्ध न होने के कारण फसलों का उत्पादन प्रभावित होना निश्चित है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि किसानों को राहत देने के लिए तत्काल कैंप लगाकर यूरिया के वितरण की व्यवस्था की जाए। ऐसा न होने पर कांग्रेस इस मुद्दे पर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



