भाजपा सरकार प्रदेश के वित्तीय प्रबन्धन में पूर्णतया साबित हुई है विफल : नेता प्रतिपक्ष डॉ0 हृदयेश

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार पर वित्तीय प्रबंधन में विफलता के साथ ही कांग्रेस कार्यकाल में शुरू हुए महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर ब्रेक लगाने का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि भाजपा सरकार प्रदेश के वित्तीय प्रबन्धन में पूर्णतया विफल साबित हुयी है। इससे बड़े दुर्भाग्य की बात और क्या होगी कि कर्मचारियों को समय से वेतन तक नहीं मिल पा रहा है।
श्रीमती हृदयेश ने कहा कि सहायता प्राप्त विद्यालय के कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। इस सम्बन्ध में वित्त विभाग के अधिकारियों से भी सम्पर्क किया गया। अघ्धिकारियों की ओर से जल्द वेतन जारी करने की बात भी कही गई, परन्तु अभी तक वेतन देने की दिशा में कोई कदम आगे नहीं बढ़ाया गया है। इतना ही नहीं निगम के कर्मचारियों को भी विगत 6 माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वेतन एक प्रतिबद्ध व्यय होता है, जिसकी व्यवस्था की पूर्ण जिम्मेदारी सरकार की है। धन के अभाव में कर्मचारियों की छंटनी की जा रही है। ऐसे समय में सरकार द्वारा अपनी विफलता को छुपाने के लिये बड़े-बड़े विज्ञापन देकर जनता को गुमराह करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रबन्धन में फेल भाजपा सरकार से उनके अपने विधायकों में भी भारी असंतोष है। प्रदेश में विकास कार्य पूर्णतया ठप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्रारम्भ किये गये अत्यन्त आवश्यकीय अन्तर्राज्यीय बस अड्डा व पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण जू सफारी आदि कार्यों को रोक दिया गया है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की है कि आर्थिक मंदी के इस दौर में तत्काल कर्मचारियों के वेतन भुगतान की व्यवस्था की जाये, जिससे कर्मियों को राहत पहुंच सके।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440