समाचार सच, हल्द्वानी/कालाढूंगी डेस्क।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियों के बीच भाजपा नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी गुंजन तिवारी ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए करायल चतुर सिंह क्षेत्र में मातृशक्ति और पूर्व सैनिकों के साथ संवाद किया। महर्षि विद्यालय के समीप आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं से क्षेत्र की समस्याओं, विकास की प्राथमिकताओं और उनकी अपेक्षाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान गुंजन तिवारी ने मातृशक्ति से बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी और उनके सुझाव बेहद महत्वपूर्ण हैं। महिलाओं ने क्षेत्र से जुड़ी अपनी प्राथमिकताओं, चुनौतियों और विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा। इस दौरान इन समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र के विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
गुंजन तिवारी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि जनसंवाद के माध्यम से सामने आने वाले सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही विकास की योजनाओं को बेहतर तरीके से धरातल पर उतारा जा सकता है।
इसके पश्चात उन्होंने क्षेत्र के पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा में पूर्व सैनिकों के योगदान को नमन करते हुए उनके अनुभवों और विचारों को सुना। गुंजन तिवारी ने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनका सेवाभाव समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। राष्ट्रवाद और जनकल्याण के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने पूर्व सैनिकों के सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विचार साझा किए।
इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक चर्चा हुई। गुंजन तिवारी ने प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास, जनकल्याण और राष्ट्रहित के मुद्दों को लेकर पार्टी निरंतर जनता के बीच अपनी बात रख रही है।
इस जनसंवाद कार्यक्रम के जरिए गुंजन तिवारी ने मातृशक्ति और पूर्व सैनिकों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करते हुए उनकी अपेक्षाओं और विचारों को जाना। क्षेत्र में आयोजित इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से जनसंपर्क गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



