BLO ने दिया था फॉर्म? आज ही जमा करें, वरना खतरे में पड़ सकता है आपका वोट! कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की बड़ी अपील

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय से प्रतिभाग किया।

बैठक के बाद कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंडल के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि BLO (बूथ लेवल अधिकारी) द्वारा उन्हें मतदाता सत्यापन का फॉर्म दिया गया है और उन्होंने अभी तक उसे जमा नहीं किया है, तो बिना देरी किए अपने क्षेत्र के BLO को फॉर्म सौंप दें। इससे उनका मतदान का अधिकार सुरक्षित रहेगा और पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने की संभावना नहीं रहेगी।

दीपक रावत ने बताया कि कुमाऊं मंडल में फॉर्म संग्रहण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वर्तमान स्थिति के अनुसार चंपावत और अल्मोड़ा में 100 प्रतिशत, बागेश्वर में 99.7 प्रतिशत, पिथौरागढ़ में 99.6 प्रतिशत, जबकि नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 98.5 प्रतिशत फॉर्म एकत्र किए जा चुके हैं।

यह भी पढ़ें -   80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से पीएम मोदी का बड़ा संकल्प, बोले- 2047 तक विकसित भारत बनाकर रहेंगे

उन्होंने कहा कि कुछ फॉर्म अभी भी ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में हैं, जिन्हें विभिन्न कारणों से एकत्र नहीं किया जा सका है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के BLO को स्पष्ट निर्देश जारी करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि यदि कोई मतदाता उपलब्ध था तो किसी भी प्रकार की लापरवाही के कारण उसका फॉर्म छूटने न पाए।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 15 अगस्त 2026, शनिवार| हरियाली तीज पर जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा लाभ और किसे बरतनी होगी सावधानी

कुमाऊं आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन प्रत्येक मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलती से मतदाता सूची से न कटे। उन्होंने कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने सभी मतदाताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि समय रहते अपना फॉर्म BLO को जमा करें, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार को लेकर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

ADVERTISEMENTSAd Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440