समाचार सच, रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के पंतनगर थाना क्षेत्र में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से आ रही एक स्विफ्ट कार अचानक सड़क पर आए मवेशी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ी। इस भीषण हादसे में स्विफ्ट कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे पंतनगर क्षेत्र के टांडा जंगल में रेलवे क्रॉसिंग से पहले हुआ। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक भैंस आ गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे भैंस से टकरा गई।
भैंस से टकराने के बाद स्विफ्ट कार बेकाबू होकर विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात करीब दो बजे एक घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क पर अचानक भैंस का आ जाना सामने आया है। स्कॉर्पियो में सवार लोग सुरक्षित हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर जंगल और हाईवे क्षेत्रों में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। रात के समय ऐसे क्षेत्रों से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी हो गई है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



