150 मीटर गहरी खाई में समाई कार, एक की मौत; तीन घायल, गंभीर को हल्द्वानी भेजा

खबर शेयर करें

खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही थी कार, बनलेख में हुआ हादसा; SDRF-पुलिस ने खाई में उतरकर किया रेस्क्यू, DM ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

समाचार सच, चंपावत। चंपावत जिले के बनलेख क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। खड़ी पहाड़ी और गहरी खाई होने के बावजूद जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार कार खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। बनलेख क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर चंपावत कोतवाली पुलिस और SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

हादसे के बाद कार में सवार लोग गहरी खाई में फंस गए थे। पुलिस और SDRF के जवानों ने खड़ी पहाड़ी से नीचे उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में टीम का सहयोग किया।
कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद एक व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें -   हरियाली अमावस्या 2026, सूर्य ग्रहण 2026: 12 अगस्त सावन अमावस्या पर सूर्य ग्रहण, दोपहर में करें पितरों के लिए धूप-ध्यान, छायादार पेड़ का पौधा लगाएं

हादसे को गंभीरता से लेते हुए चंपावत जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
डीएम ने एसडीएम चंपावत को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए दुर्घटना के कारणों, परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच कर 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटना के कारणों की तथ्यपरक जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें -   UKSSSC परीक्षा में WhatsApp से पहुंचा प्रश्नपत्र! CBI कोर्ट ने तीन आरोपियों पर आरोप तय करने का दिया आदेश

हादसे के बाद चंपावत पुलिस ने वाहन चालकों से पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने मोड़ों और ढलानों पर वाहन की गति नियंत्रित रखने के साथ ही खराब मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
आपात स्थिति में 112 पर सूचना देकर मदद लेने की भी अपील की गई है।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440