समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने लगभग 20 साल पहले पहेली बनकर हरिद्वार में व्यापारी के घर में पूरे परिवार को बंधक बनाकर डकैती डालने वाले कुख्यात डकैत को लखनऊ से गिरफ्तार किया है और एसटीएफ ने एक अन्य 15 हजार के ईनामी अंतरराज्यीय नशा तस्कर को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से एक तमंचा, स्मैक और मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने बताया कि एसटीएफ टीम को आज सूचना मिली कि हरिद्वार के थाना गंगनहर से वर्ष 2002 से डकैती की घटना को अंजाम देकर फरार शातिर अपराधी परवेज उर्फ परू उर्फ रियासत पुत्र सदन पठान निवासी जिला मुरादाबाद नाम बदलकर लखनऊ में छोटा हाथी चला रहा है और उसने वहीं शादी कर ली है। सूचना पर एसटीएफ टीम ने लखनऊ में छापा मारकर परवेज को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें, परवेज ने 10 अगस्त 2002 को अपने साथियों के साथ रुड़की के पूर्वी अम्बर तालाब में एक घर में परिवार के लोगों को बंधक बनाकर डकैती डाली थी। इस संबंध में थाना गंगनहर में केस दर्ज किया गया था। परवेज के साथी राशिद पहलवान उर्फ पठान, जमील उर्फ छोटा, नदीम उर्फ संजय, आमीर उर्फ नैना और तनवीर उर्फ गुड्डू उर्फ हैदर उर्फ हकला को हरिद्वार पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन परवेज तब से फरार था।
पुलिस उसके घर की कुर्की भी कर चुकी थी। परवेज के साथी नदीम का 2006 में मुरादाबाद में एनकाउंटर हो गया था। परवेज पर थाना मुरादाबाद में हत्या लूट डकैती एवं मारपीट के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। परवेज मुरादाबाद में गिरोह बनाकर संगीन अपराध करता था। परवेज के पिता सदन की हत्या हुई थी। पिता की हत्या का बदला लेने के लिए वह भी कई हत्याएं कर चुका है। एसएसपी हरिद्वार ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



