समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी में व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। आईटीसी फॉर्च्यून में आयोजित कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के विभिन्न व्यापार मंडलों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने जीएसटी प्रक्रिया, मंडी शुल्क, पार्किंग, अतिक्रमण, लीज नवीनीकरण और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं समेत कई मुद्दे मुख्यमंत्री के सामने रखे।
मुख्यमंत्री धामी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रभावी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार ऐसा माहौल तैयार करने के लिए काम कर रही है, जहां कारोबार करना आसान हो और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया है। वर्तमान में 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने उद्योग जगत के सुझावों को ध्यान में रखते हुए 30 से अधिक नीतियां तैयार की हैं। युवाओं को उद्यमिता की ओर बढ़ाने के लिए स्टार्टअप नीति के साथ 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी स्थापित किया गया है।
सीएम ने कहा कि औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। पर्वतीय जिलों में भी छोटे उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार में भी अपनी पहचान बनाएं।
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से प्रदेश में निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा—“आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है।”
उन्होंने कहा कि व्यापार की प्रगति में ही प्रदेश की आर्थिक प्रगति निहित है। सरकार का प्रयास है कि व्यापारियों को सुरक्षित वातावरण, सरल प्रक्रियाएं, पारदर्शी व्यवस्था और निवेश के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, विभिन्न दायित्वधारी, व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



