समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट—अजय सिंह चौहान
राजपुरा क्षेत्र में कथित नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गुरुवार को बुद्ध पार्क में प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि राजपुरा क्षेत्र में लंबे समय से नशे के कथित कारोबार की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता नशे के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय शिकायत और विरोध दर्ज कराने वाले लोगों को ही मुकदमों में उलझाया जा रहा है।
विधायक बोले—नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे हल्द्वानी की आवाज
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि राजपुरा के लोगों ने नशे के खिलाफ जो अभियान शुरू किया है, वह केवल किसी एक मोहल्ले का मुद्दा नहीं बल्कि पूरे हल्द्वानी की जनभावना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस को ज्ञापन दिए, हस्ताक्षर अभियान चलाया और पुलिस चौकी पर धरना देकर नशे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने कहा कि यदि नशे के कथित कारोबारियों पर कार्रवाई करने के बजाय नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों पर मुकदमे दर्ज किए जाएंगे तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की मांग की।
कांग्रेस ने मुकदमे वापस लेने की मांग उठाई
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि राजपुरा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों को अपराधी की तरह पेश करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोग अपने बच्चों और युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस-प्रशासन के पास शिकायत लेकर जा रहे हैं। ऐसे लोगों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि यदि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों पर दर्ज मुकदमे जांच में झूठे या द्वेषपूर्ण पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल समाप्त किया जाए।
जिलाध्यक्ष बोले—जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि राजपुरा में नशे के खिलाफ चल रहा अभियान किसी राजनीतिक स्वार्थ का हिस्सा नहीं है, बल्कि स्थानीय लोगों की अपने बच्चों और युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई शिकायत है तो पुलिस निष्पक्ष जांच करे और कानून के अनुसार कार्रवाई करे, लेकिन नशे के खिलाफ अभियान चला रहे लोगों को डराने या हतोत्साहित करने का प्रयास नहीं होना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों से मुलाकात को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजपुरा चौकी पर धरने के बाद जब जनप्रतिनिधि पुलिस कप्तान से मिलने पहुंचे तो उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया और ज्ञापन तक स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री पोर्टल और संबंधित पुलिस प्राधिकरण के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कांग्रेस नेताओं का यह भी कहना है कि जनप्रतिनिधियों ने अपने आवेदन में पहले ही आशंका जताई थी कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा सकते हैं। इसके बाद अभियान से जुड़े लोगों पर मुकदमे दर्ज होने को कांग्रेस ने गंभीर विषय बताया है।
CCTV फुटेज की जांच कराने की मांग
कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। नेताओं ने कहा कि घटनास्थल के CCTV फुटेज और उपलब्ध मोबाइल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जाना चाहिए, ताकि घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार की शिकायतों की जांच कर वास्तविक कारोबारियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दर्ज मामलों की भी समीक्षा की मांग की।
आंदोलन और तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। कांग्रेस ने राजपुरा की जनता के साथ खड़े रहने की बात कहते हुए चेतावनी दी कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी जारी रही और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “नशा माफिया पर कार्रवाई करो, नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित करना बंद करो” जैसे नारे लगाए।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
प्रदर्शन में हेमन्त बगड़वाल, जीवन कार्की, मधु सांगूड़ी, कमला सनवाल, रेनू तोमर, पुष्पा नेगी, दीप पाठक, राजेन्द्र बिष्ट रज्जी, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, गोविंद बगड़वाल, हेम दुर्गापाल, मयंक भट्ट, हिमांशु जोशी, कानू बिष्ट, दिनेश सांगूड़ी, प्रदीप नेगी, त्रिलोक बनोली, विजेंद्र चौहान, संजय शेखर, जीत सिंह, संदीप भैसोड़ा, मो. शरीफ, इशरत अली, दिवेश तिवारी, रवि गुरुरानी, कमलेश पांडे, शंकर कोहली, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार, अमित रावत, विक्की कोटलिया, छात्र नेता मेहुल साह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



