संविधान दिवस पर राजभवन कूच की तैयारी, ब्लॉक स्तर पर चल रहा अभियान रू विधायक सुमित हृदयेश
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशभर में हस्ताक्षर अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को जेल रोड चौराहा, हीरानगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बमोरी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग के लिए जागरूक किया गया।
अभियान में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे सहित कई कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर मुहिम को समर्थन दिया।
26 नवंबर को राज्यपाल को सौंपे जाएंगे हस्ताक्षर
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत एकत्रित हस्ताक्षरों वाले बैनर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजभवन कूच कर जनता की आवाज महामहिम राज्यपाल तक पहुंचाएगी।
उन्होंने पिछली बार कांग्रेस नेताओं को राजभवन में प्रवेश नहीं दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना और उसका सम्मान करना जरूरी है। उनके अनुसार कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं तक जनता के सवाल पहुंचाना चाहती है।
भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा के मुद्दे उठाए
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक विरोध के लिए नहीं, बल्कि जनता से जुड़े सवालों को सामने लाने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कृषि मंत्री से जुड़े हाईकोर्ट में चल रहे मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सामने आए मामलों पर आवाज उठाई है। उन्होंने 210 करोड़ रुपये की संपत्ति से संबंधित आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि ये आरोप कांग्रेस की ओर से नहीं, बल्कि संबंधित मंत्री के पति द्वारा सार्वजनिक रूप से लगाए गए हैं। ऐसे गंभीर मामलों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुए सुमित हृदयेश ने कहा कि जब महिला सशक्तीकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री स्वयं अपनी सुरक्षा को लेकर खतरे की बात कह रही हैं, तो प्रदेश की आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
जनता को जागरूक करना अभियान का उद्देश्य रू गोविंद बिष्ट
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार प्रदेश की व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती है। सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हस्ताक्षर अभियान जनता को जागरूक करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सामूहिक आवाज बुलंद करने का माध्यम है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक संघर्ष जारी रखेंगे।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर चलाया जा रहा अभियान आम जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट करने की पहल है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव, वार्ड और मोहल्लों तक पहुंचकर लोगों को इससे जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में जनता की जागरूक भागीदारी जरूरी है। 26 नवंबर को प्रदेशभर से एकत्रित हस्ताक्षर राज्यपाल को सौंपना इस अभियान का महत्वपूर्ण चरण होगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल हस्ताक्षर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता की भागीदारी के साथ इसे प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, एनबी गुणवंत, शोभा बिष्ट, जीवन सिंह कार्की, मधु सांगुड़ी, गुरप्रीत प्रिंस, पार्षद नीमा भट्ट, दीप चंद्र पाठक, मयंक भट्ट, हेम पांडे, सुहैल सिद्धिकी, विनय भट्ट, गोविंद बगड़वाल, कौशलेन्द्र भट्ट, मनोज भट्ट, महेशानंद, रिंकू बिष्ट, सीमा लोहमी, रत्ना श्रीवास्तव, मंजू पांडे, विमला सांगुड़ी, राजेंद्र उपाध्याय, रोहित सांगुड़ी, गिरजा तड़ागी, महेंद्र परिहार, जाकिर हुसैन और सालिम सिद्धिकी सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



