राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन करेंगे समारोह की अध्यक्षता, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत रहेंगे विशिष्ट अतिथि; 14,857 विद्यार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधियां
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में 18 नवंबर 2026 को एकादश दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में विश्वविद्यालय के 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों में अध्ययन पूरा करने वाले कुल 14,857 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत उद्बोधन देंगे। समारोह में विश्वविद्यालय की विद्या परिषद और कार्य परिषद के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
अश्वनी लोहनी को मिलेगी मानद उपाधि
दीक्षांत समारोह का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी और प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को प्रदान की जाने वाली मानद उपाधि होगी। लोहनी भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
रेलवे, विमानन और पर्यटन क्षेत्र में उनके योगदान को विशेष पहचान मिली है। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार और संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। वहीं, चार अभियांत्रिकी विधाओं में डिग्री-समकक्ष योग्यताएं अर्जित करने के लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी शामिल है। वर्तमान में वह नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी के निदेशक हैं।
292 शिक्षार्थियों ने कराया पंजीकरण
विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में सफलतापूर्वक अध्ययन पूरा करने वाले 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। अब तक समारोह में शामिल होने के लिए 292 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का विस्तार कर रहा विश्वविद्यालय : कुलपति
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि एकादश दीक्षांत समारोह संस्थान की शैक्षणिक यात्रा का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर है। यह आयोजन केवल उपाधियां प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के परिश्रम, प्रतिबद्धता और उपलब्धियों को सम्मान देने का भी अवसर है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के दूरस्थ, ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। बदलते शैक्षणिक और तकनीकी दौर में विश्वविद्यालय डिजिटल शिक्षा, नवाचार, कौशल विकास और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता दे रहा है, ताकि शिक्षा को अधिक समावेशी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाया जा सके।
कुलपति ने सभी उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से समाज तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



