समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने कोविड-19 गाइड लाइन के उल्लंघन में पिता-पुत्र व पार्षदों समेत दस लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से पिता-पुत्र होम क्वारेंटीन होने के बावजूद घर से बाहर घूमते पाये गए हैं। पुलिस के अनुसार भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में एक सख्श के कोरोना पॉजिटिव आने पर उसे पुत्र समेत होम क्वारेंटीन किया गया था। लेकिन दोनों ने होम क्वारेंटीन के नियमों को तोड़ दिया और वह घर से बाहर निकल कर घूमने लगे। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को क्वारेंटीन करने के साथ ही उनके खिलाफ नियमों के उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने बिना अनुमति एसटीएच प्रबंधन का पुतला दहन करने पर तीन पार्षदों समेत पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी मनवर सिंह की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में उल्लेख किया गया है कि पार्षद रवि वाल्मीकि, धर्मवीर डेविड, राजेन्द्र, तौफीक, नीरज ने रविवार को डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल में मरीज की मौत और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के विरोध में एसटीएच के बाहर बिना अनुमति के अस्पताल प्रबंधन का पुतला दहन किया था। जो आपदा प्रबंधन नियमों के खिलाफ है। वहीं मंगल पड़ाव चौकी पुलिस ने गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थल में बिना मास्क लगाए घूमने पर इरफान, सलमान व अंजलि निवासी नई बस्ती को पकड़ लिया। तीनों पर सड़क में गंदगी फैलाने का भी आरोप है। पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ भी आपदा प्रबंधन नियम का उल्लंघन का केस दर्ज किया है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


