किच्छा-सिरौली कलां निकाय चुनाव का इंतजार जल्द होगा खत्म, हाईकोर्ट ने मतगणना की तय की समयसीमा

खबर शेयर करें

समाचार सच, ऊधमसिंहनगर डेस्क। ऊधमसिंहनगर की किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिका के चुनाव परिणामों का इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं रहेगा। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने दोनों निकायों में हुए चुनाव की मतगणना को लेकर अहम निर्देश जारी किए हैं। अदालत ने राज्य सरकार को तीन सप्ताह के भीतर मतगणना कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ ने राज्य सरकार के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया। सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर हंगामे के चलते तनाव की स्थिति बनी थी। कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतगणना के लिए अतिरिक्त समय की जरूरत बताई गई।

सरकार ने अदालत से मतगणना और परिणाम घोषित करने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था। हालांकि खंडपीठ ने इसके लिए तीन सप्ताह की समयसीमा निर्धारित कर दी।

यह भी पढ़ें -   MBPG कॉलेज छात्रसंघ चुनाव: नौवें राउंड के बाद आर्यन बेलवाल की बढ़त 206 वोट

इस मामले में इससे पहले हाईकोर्ट की एकलपीठ के समक्ष भी सुनवाई हो चुकी है। एकलपीठ ने राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतगणना स्थगित किए जाने संबंधी अधिसूचना पर रोक लगाते हुए सवाल उठाया था कि जब मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तो मतगणना को रोकने का आधार क्या है।

एकलपीठ ने मतगणना की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए थे।

किच्छा निवासी अलीना मलिक की ओर से याचिका दायर कर नगर पालिका अध्यक्ष और सभासद पदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना कराने की मांग की गई थी।

यह भी पढ़ें -   1 अक्टूबर से बदल जाएगी सरकारी अस्पतालों का समय, अब सुबह 9 से शाम 3 बजे तक देखे जाएंगे मरीज

पूर्व की सुनवाई में राज्य निर्वाचन आयोग ने अदालत को बताया था कि किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिकाओं में 22 सितंबर को मतदान कराया जाना है। आयोग ने मतदान के बाद होने वाली मतगणना को अग्रिम आदेश तक स्थगित रखने की जानकारी भी दी थी।

आयोग की अधिसूचना के बाद एकलपीठ ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की थी। इसी बीच मतगणना स्थगित रखने से जुड़े आयोग और राज्य सरकार के आदेश को खंडपीठ के समक्ष चुनौती दी गई।

अब खंडपीठ के आदेश के बाद दोनों नगर पालिकाओं के प्रत्याशियों और समर्थकों की नजर मतगणना की अगली प्रक्रिया पर टिकी है। तीन सप्ताह की समयसीमा के भीतर मतगणना होने के बाद चुनाव परिणाम भी सामने आने का रास्ता साफ हो गया है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440