
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के तहत नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष पहल शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित रामलीला कार्यक्रमों को साइबर सुरक्षा जागरूकता का माध्यम बनाया जा रहा है। इसके जरिए पुलिस आमजन को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की जानकारी देने के साथ ही उनसे बचाव के उपाय भी बता रही है।
इसी क्रम में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीओ ऑप्स श्री समीरण भट्ट के नेतृत्व में साइबर सेल प्रभारी मीनू गौतम और उनकी टीम ने विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क किया। कार्यक्रम में जागरूकता सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया, जिसके जरिए लोगों को साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया।
वहीं, भोटियापड़ाव चौकी प्रभारी श्री कृपाल सिंह द्वारा वीडियो और स्थानीय टीवी चौनलों के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जागरूकता वीडियो क्लिप और जनसहभागिता से जुड़ी गतिविधियों के जरिए लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
नैनीताल पुलिस की ओर से जिले के अन्य थाना क्षेत्रों और चौकियों में आयोजित रामलीला कार्यक्रमों के दौरान भी लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में भी लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन अभियानों के दौरान लोगों को फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, यूपीआई धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण या अन्य निजी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। इसके अलावा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत आधिकारिक पोर्टल ीजजचेरू//ूूू.बलइमतबतपउम.हवअ.पद पर भी दर्ज कराई जा सकती है।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक नागरिक तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना और लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षित रखना है।
नैनीताल पुलिस का संकल्प – साइबर अपराध के प्रति जागरूक जनपद, सुरक्षित जनपद।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



