समाचार सच, हल्द्वानी।
हल्द्वानी में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। देवलचौड़ क्षेत्र निवासी 63 वर्षीय व्यक्ति को आसान प्रक्रिया के जरिए ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठग ने 3.12 लाख रुपये की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार देवलचौड़ निवासी लक्ष्मण सिंह के मोबाइल पर सात जुलाई को एक अनजान नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक निजी फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताते हुए ऑनलाइन लोन उपलब्ध कराने की बात कही। आरोपी ने पीड़ित को कम समय में लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करने की बात कही।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से एक लिंक भेजा और पीड़ित से उसमें मांगी गई जानकारी भरने को कहा। बताया जा रहा है कि साइबर ठग ने रिजर्व बैंक की गाइडलाइन और लोन प्रक्रिया से जुड़े अलग-अलग बहाने बनाकर पीड़ित को विश्वास में लिया। इसी दौरान अलग-अलग चरणों में उनसे कुल 3.12 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
रकम खाते में पहुंचने के बाद आरोपी ने बातचीत बंद कर दी। जब लोन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी और आरोपी से संपर्क नहीं हो पाया तो लक्ष्मण सिंह को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत संबंधित थाने को भेजे जाने के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई है, उसकी जानकारी बैंक से मांगी गई है। खाते से जुड़े लेनदेन और अन्य विवरणों की जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ऑनलाइन लोन के नाम पर बढ़ रहे साइबर अपराध
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करें। किसी भी तरह की फीस, प्रोसेसिंग चार्ज या अन्य बहाने से रकम मांगे जाने पर पहले संबंधित वित्तीय संस्था से सीधे संपर्क कर सत्यापन करना जरूरी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



