समाचार सच, बागेश्वर डेस्क। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में नया खुलासा सामने आया है। पुलिस को मृतका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने पति को मानसिक प्रताड़ना का जिम्मेदार ठहराते हुए अपनी मौत के लिए दोषी बताया है। सुसाइड नोट मिलने के बाद मामले की जांच नई दिशा में बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कौसानी थाना क्षेत्र के भोजगण गांव निवासी 21 वर्षीय रूपा सजवाण का शव मंगलवार को घर की गोशाला में फंदे से लटका मिला था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
पुलिस जांच के दौरान बरामद सुसाइड नोट में रूपा ने अपने वैवाहिक जीवन से जुड़े कई दर्दनाक पहलुओं का उल्लेख किया है। उसने लिखा है कि पति द्वारा लगातार उस पर शक किया जाता था और उसके चरित्र पर सवाल उठाए जाते थे। इससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति में थी। नोट में यह भी कहा गया है कि उसने रिश्ते को संभालने और परिवार को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं आया।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। पुलिस ने सुसाइड नोट और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को जांच में शामिल कर लिया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया है कि मामले की जांच जारी है। उनके अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



