हल्द्वानी से 37 श्रद्धालुओं का दल हुआ रवाना, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी, एसी ट्रेन, भोजन, आवास और पूरी यात्रा रहेगी निःशुल्क

समाचार सच, हल्द्वानी। भगवान शिव के जयघोष और श्रद्धा के उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सोमवार को हल्द्वानी से नैनीताल जिले के 37 श्रद्धालुओं का दल गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ धाम की विशेष निःशुल्क यात्रा पर रवाना हुआ। रोडवेज बस स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं को देहरादून के लिए रवाना किया।
उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से संचालित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा-2026” के तहत चयनित श्रद्धालु पहले देहरादून पहुंचेंगे। वहां प्रदेश के सभी 13 जिलों से आए यात्रियों का समागम होगा। इसके बाद हर्रावाला रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार की यह पहल उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से वर्षों से तीर्थ यात्रा का सपना पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए यात्रा, आवास, भोजन, चिकित्सा और स्थानीय परिवहन तक की पूरी व्यवस्था निःशुल्क की गई है। उन्होंने सभी यात्रियों से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं विकास के लिए भगवान सोमनाथ से प्रार्थना करने का आग्रह किया।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालु उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से लाए गए पवित्र जल के कलश भी सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे। वहां भगवान सोमनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा, जो राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक होगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से संचालित इस विशेष धार्मिक यात्रा में एसी रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन सहित सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को भारत की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। नैनीताल जिले से इस यात्रा में कुल 37 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 14 महिलाएं और 23 पुरुष हैं।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खण्ड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



