समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं में 60 वर्ष की आयु से महिलाओं को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक हाईटेक टॉयलेट, महिलाओं के लिए पिंक ई-बस और महिला स्वरोजगार योजना में रियायती ऋण की सीमा बढ़ाना प्रमुख रहा।
60 साल की उम्र से महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में वर्तमान में 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में मिलने वाली निशुल्क यात्रा सुविधा अब महिलाओं को 60 वर्ष की उम्र से उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
बाजार और पर्यटन स्थलों पर बनेंगे हाईटेक टॉयलेट
रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए दूसरी बड़ी घोषणा आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की रही।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर ऐसे टॉयलेट विकसित किए जाएंगे, जहां स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
देहरादून में 10 पिंक ई-बसें चलेंगी
प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को 137 इलेक्ट्रिक बसें मिलने वाली हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि देहरादून में संचालित होने वाली 100 ई-बसों में से 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित की जाएंगी।
सरकार के मुताबिक इस सुविधा को आगे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
महिलाओं के स्वरोजगार के लिए बढ़ी लोन सीमा
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना में रियायती बैंक ऋण की सीमा बढ़ाने की घोषणा भी की।
अब इस योजना के तहत रियायती बैंक लोन की सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को केवल रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने का है। इसके लिए महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर सरकार लगातार काम कर रही है।
‘बहनों का स्नेह जनसेवा की ताकत’
चकरपुर स्टेडियम में आयोजित रक्षाबंधन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का पर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का प्रेम और स्नेह उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है और इसी स्नेह से उन्हें प्रदेश की जनता के लिए और अधिक मेहनत करने की ऊर्जा मिलती है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



