राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में नैनीताल जिले को मिली बड़ी उपलब्धि, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्राप्त किया सम्मान। अल्मोड़ा में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को सतत विकास लक्ष्यों में देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।
समाचार सच, अल्मोड़ा। उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी, अल्मोड़ा में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी एचीवर्स अवार्ड समारोह में नैनीताल जिले को सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की जिला स्तरीय वार्षिक रैंकिंग में दूसरा स्थान प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल को सम्मानित करते हुए बधाई दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यभर के 32 संस्थानों, संगठनों, व्यक्तियों एवं समूहों को उनके नवाचारी एवं सतत विकास से जुड़े कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कृत किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह समारोह उन व्यक्तित्वों और संस्थाओं को सम्मानित करने का अवसर है, जिन्होंने समाजहित में अनुकरणीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मयोगियों के प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए देश में प्रथम स्थान हासिल किया है, जो राज्य के विकास और सुशासन का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में चुनौतियां अधिक हैं, लेकिन सरकार बिजली, पानी, सड़क, सीमांत क्षेत्रों के विकास और गरीब कल्याण जैसे क्षेत्रों में लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग, स्टार्टअप, ग्रीन एनर्जी, हेलीकॉप्टर सेवा और हाईवे निर्माण जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है, जिससे रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है तथा प्रति व्यक्ति आय में भी बढ़ोतरी हुई है। साथ ही बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।
उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। वहीं बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तृतीय स्थान मिला।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



