कार्तिक पूर्णिमा 2026: 24 नवंबर को मनाई जाएगी कार्तिक पूर्णिमा, जानें क्या है व्रत, गंगा स्नान और दान का

खबर शेयर करें

समाचार सच, अध्यात्म डेस्क। हिंदू पंचांग में कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। इस दिन श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान करते हैं, जरूरतमंदों को दान देते हैं और भगवान विष्णु तथा माता लक्ष्मी की आराधना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर किए गए धार्मिक कार्यों से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन दीपदान करने की भी विशेष परंपरा है। हालांकि, इस साल पूर्णिमा तिथि दो दिनों तक रहने के कारण लोगों के मन में व्रत और स्नान-दान की तारीख को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा कब मनाई जाएगी, किस दिन व्रत रखा जाएगा और स्नान-दान के लिए कौन सा समय शुभ रहेगा।

कार्तिक पूर्णिमा 2026 कब है? जानें सही तारीख
वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर 2026 को रात 11 बजकर 42 मिनट पर शुरू होगी। इस तिथि का समापन 24 नवंबर 2026 को रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर कार्तिक पूर्णिमा का पर्व 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा। इसी दिन श्रद्धालु पूर्णिमा का व्रत रखेंगे और पवित्र नदियों में स्नान के साथ दान-पुण्य करेंगे। इस अवसर पर देव दीपावली का पर्व भी मनाया जाएगा। ऐसे में 24 नवंबर का दिन धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखने वाला है।

कार्तिक पूर्णिमा 2026 स्नान-दान का शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त – सुबह 05.03 बजे से 05.27 बजे तक।
अभिजीत मुहूर्त – सुबह 11.47 बजे से दोपहर 12.29 बजे तक।
विजय मुहूर्त – दोपहर 01.53 बजे से 02.36 बजे तक।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी की भार्गवी रावत ने अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीते पांच पदक, बढ़ाया उत्तराखंड का मान

कार्तिक पूर्णिमा पर कब होगा चंद्रमा का दर्शन?
पूर्णिमा के दिन चंद्रमा की पूजा और उन्हें अर्घ्य देने का भी विशेष महत्व है। पंचांग के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को चंद्रोदय शाम 05.01 बजे होगा। पूर्णिमा का व्रत करने वाले श्रद्धालु चंद्रमा के दर्शन के बाद उन्हें अर्घ्य अर्पित कर सकते हैं। इसके लिए एक पात्र में स्वच्छ जल, थोड़ा कच्चा दूध, अक्षत और सफेद पुष्प मिलाकर चंद्रदेव को अर्पित करने की परंपरा है। इसके बाद भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का स्मरण करके व्रत का पारण किया जाता है। इस दिन जरूरतमंद लोगों को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सफेद वस्तुओं का दान करना भी शुभ माना जाता है। चावल, दूध, चीनी और सफेद वस्त्र का दान विशेष रूप से किया जा सकता है।

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान का क्या है धार्मिक महत्व?
सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को पुण्य अर्जित करने के लिए विशेष अवसर माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गंगा, यमुना और अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने से व्यक्ति के पापों का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। जो लोग तीर्थस्थलों तक नहीं पहुंच पाते, वे घर पर ही स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर दान-पुण्य करने की परंपरा भी सदियों पुरानी है। इस दिन अन्न, वस्त्र, दीपक और जरूरत की दूसरी वस्तुओं का दान करना पुण्यकारी माना जाता है। मान्यता है कि श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार किया गया दान व्यक्ति के जीवन में सकारात्मकता लाता है।

यह भी पढ़ें -   2027 चुनाव के लिए भाजपा ने कसी कमर, बूथ स्तर पर 51 फीसदी वोट हासिल करने का लक्ष्य

कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का महत्व
कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली का पर्व भी मनाया जाता है। धार्मिक कथाओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध करके देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था। इसी कारण इस दिन को देव दीपावली कहा जाता है। देव दीपावली के अवसर पर मंदिरों, घरों और घाटों पर दीप जलाने की परंपरा है। विशेष रूप से वाराणसी के गंगा घाटों पर दीपोत्सव का भव्य आयोजन होता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान करने से घर में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440