समाचार सच, हल्द्वानी/लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं में विकास कार्यों के नाम पर खर्च किए गए लाखों रुपये अब जांच के घेरे में हैं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल करीब 3 लाख रुपये की डस्टबिन खरीद पर खड़ा हुआ है, जहां बिना टेंडर प्रक्रिया अपनाए खरीदारी किए जाने का आरोप है। यही नहीं, 5 साल पहले बने शौचालयों को तोड़कर दोबारा निर्माण कराने पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैंकृक्या यह जरूरत थी या सिर्फ खर्च दिखाने का खेल?
छठ पूजा स्थल पर हुए पुनर्निर्माण की उपयोगिता पर भी उंगलियां उठ रही हैं। वहीं, सर्दियों में अलाव के लिए लकड़ी की असामान्य खपत और भुगतान को लेकर भी बड़ा खेल होने की आशंका जताई जा रही है।
पूरे मामले की जांच अब सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे टेंडर प्रक्रिया, भुगतान रिकॉर्ड, स्वीकृतियां और मापन पुस्तिकाओं की गहन जांच करें, साथ ही सभी कार्यों का ग्राउंड वेरिफिकेशन भी कराएं।
अगर जांच में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब नजर 15 दिन बाद आने वाली रिपोर्ट पर टिकी है, जो तय करेगी कि लालकुआं में विकास हुआ या सिर्फ कागजों में खेल चला।




सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



