दिनेशपुर में पर्यावरण की चिंता: ग्रामीणों को बांटे फलदार पौधे, डॉ. आशुतोष पंत ने कहा—‘पेड़ों को बच्चों की तरह पालें’

खबर शेयर करें

समाचार सच, दिनेशपुर।
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की मुहिम के तहत सुंदरपुर, शिवपुर और दिनेशपुर क्षेत्र में ग्रामीणों को विभिन्न प्रजातियों के पौधे निशुल्क वितरित किए गए। इस दौरान ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की गई।

पूर्व जिला आयुर्वेद अधिकारी एवं पर्यावरणविद डॉ. आशुतोष पंत ने ग्रामीणों को पौधों के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि केवल पौधा लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे बच्चों की तरह पालना और उसकी देखभाल करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानते हुए हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को कटहल, आंवला, नींबू, अमरूद, तेजपत्ता और बांस के पौधे निशुल्क भेंट किए गए। ग्रामीणों ने भी पर्यावरण संरक्षण की इस पहल में भागीदारी करते हुए पौधों को सुरक्षित रखने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें -   अस्मिता सेपक टाकरा सिटी लीग में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल का दबदबा, 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने दिखाया दम

‘पृथ्वी पर जीवन बचाने के लिए पेड़ जरूरी’
डॉ. आशुतोष पंत ने कहा कि सौरमंडल के नौ ग्रहों में पृथ्वी ही ऐसा ग्रह है जहां जीवन संभव है और इसके पीछे ऑक्सीजन सहित अनुकूल पर्यावरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे वायुमंडल के संतुलन में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को पर्याप्त स्वच्छ हवा और रहने योग्य तापमान उपलब्ध कराने के लिए हरियाली बढ़ाने के प्रयासों को मिशन मोड में आगे बढ़ाना होगा।

दिनेशपुर में प्लास्टिक कचरे पर जताई चिंता
डॉ. पंत ने दिनेशपुर क्षेत्र में जगह-जगह फैले प्लास्टिक कचरे को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में प्लास्टिक और कूड़े की समस्या दिखाई देती है, लेकिन दिनेशपुर क्षेत्र में भी बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा फैला हुआ नजर आ रहा है।

यह भी पढ़ें -   27 अगस्त को पूरे दिन पूर्णिमा होने के बाद भी रक्षा बंधन का त्योहार 28 अगस्त को क्यों मनाया जाएगा

उन्होंने इसे पर्यावरण और स्थानीय स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय बताते हुए क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाने और प्लास्टिक कचरे के उचित निस्तारण की जरूरत बताई।

सहयोगियों का जताया आभार
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक समाजसेवी इंद्रजीत मंडल रहे। आयोजन को सफल बनाने में गणेश बाल और प्रशांत विश्वास ने सहयोग किया।

डॉ. आशुतोष पंत ने सभी सहयोगियों और स्थानीय ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। सामूहिक प्रयासों से ही गांवों और शहरों को अधिक हरा-भरा और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पौधारोपण के साथ-साथ प्लास्टिक का उपयोग कम करें, कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440