पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को मिली पर्यावरणीय मंजूरी, 3 हजार मीटर का होगा रनवे; बड़े विमान भर सकेंगे उड़ान

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून डेस्क।
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के लिए हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ी खबर है। ऊधम सिंह नगर जिले में स्थित पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार की राह में आ रही बड़ी बाधा दूर हो गई है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण और विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का रनवे 3,000 मीटर होने से बड़े विमानों की आवाजाही संभव हो सकेगी। इससे पर्यटन, उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के तहत किसी भी परिवार को विस्थापित नहीं करना पड़ेगा और पर्यावरण से संबंधित सभी शर्तों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। राज्य सरकार केंद्र सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के साथ मिलकर परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कराने का प्रयास करेगी।

375.33 करोड़ रुपये की है परियोजना
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का प्रस्ताव तैयार किया है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 375.33 करोड़ रुपये है। इसमें रनवे, टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य संबंधित सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा एयरपोर्ट भूमि और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी। प्रस्ताव के अनुसार, इसके लिए किसी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित करने की आवश्यकता नहीं होगी।

यह भी पढ़ें -   मुख्यमंत्री आवास में लोक संस्कृति के रंगों के बीच मनाई गई इगास बग्वाल, सीएम धामी ने खेला भैलो

रनवे की लंबाई दोगुने से भी अधिक होगी
एयरपोर्ट विस्तार के तहत रनवे की लंबाई मौजूदा 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी। यानी इसमें 1,628 मीटर की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण प्रस्तावित है।

विमानों की पार्किंग के लिए उपलब्ध स्थानों की संख्या भी दो से बढ़ाकर सात की जाएगी। वहीं टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी। विस्तार के बाद एयरपोर्ट को सालाना करीब 10.1 लाख यात्रियों की आवाजाही के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

पानी, बिजली और पर्यावरण प्रबंधन पर भी विशेष प्रावधान
परियोजना के तहत एयरपोर्ट की बिजली की मांग 1.6 मेगावाट अनुमानित है, जबकि पानी की आवश्यकता 154 किलोलीटर प्रतिदिन होगी। प्रतिदिन निकलने वाले लगभग 136 किलोलीटर गंदे पानी के शोधन के लिए 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। उपचारित पानी का इस्तेमाल फ्लशिंग और बागवानी में दोबारा किया जाएगा।

इसके अलावा बिजली आपूर्ति के लिए 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजल जनरेटर सेट लगाए जाएंगे। 72 किलोवाट का नया सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होने से एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 160 किलोवाट से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। मौजूदा 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अतिरिक्त करीब पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित करने का भी प्रस्ताव है।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले में स्टॉल लगाने का मौका, 20 नवंबर तक करा सकते हैं पंजीकरण

पर्यावरणीय परीक्षण के बाद मिली मंजूरी
परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति देने से पहले राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (SCEIA) ने 7 अक्टूबर और 3 नवंबर 2026 को प्रस्ताव का परीक्षण किया। 3 नवंबर को देहरादून स्थित गौरा देवी पर्यावरण भवन में हुई बैठक में समिति ने परियोजना की संदर्भ शर्तों, जनसुनवाई की कार्रवाई, संभावित पर्यावरणीय प्रभावों और पर्यावरण प्रबंधन योजना की समीक्षा की। इसके बाद निर्धारित शर्तों के साथ पर्यावरणीय मंजूरी की संस्तुति की गई, जिसके आधार पर SEIAA ने स्वीकृति प्रदान की।

इससे पहले 19 सितंबर 2025 को SEIAA ने परियोजना के लिए संदर्भ शर्तें जारी की थीं। 10 मार्च 2026 को उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जनसुनवाई कराई और 29 जून 2026 को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने परिवेश पोर्टल पर प्रस्ताव के साथ अंतिम पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट जमा की थी।

स्वीकृति के साथ यह शर्त भी रखी गई है कि निर्माण कार्य अनुमोदित एयरपोर्ट लेआउट और सक्षम विमानन प्राधिकरणों की अनुमति के अनुसार ही होगा। निर्माण के दौरान रनवे, टैक्सीवे और एप्रन की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना होगा। मलबे और अन्य बाहरी वस्तुओं को रनवे तक पहुंचने से रोकने के लिए भी आवश्यक इंतजाम करने होंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440