
समाचार सच, कोटद्वार डेस्क। मानवता की सेवा और जीवन बचाने के संकल्प को समर्पित विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट (देहरादून) एवं परिवर्तन ब्लड सेंटर, ऋषिकेश द्वारा विभिन्न रक्तदानी संगठनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कोटद्वार के आधारशिला रक्तदान समूह को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं निरंतर योगदान के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
हिमालयन हॉस्पिटल के डीन डॉ. ए. शरीफ, ब्लड बैंक विभागाध्यक्ष डॉ. दुष्यंत सिंह गौड़ एवं डॉ. यशस्वी धीमान ने आधारशिला रक्तदान समूह के प्रतिनिधियों दलजीत सिंह, प्रदीप बडोला, याशिका जखवाल और उत्कर्ष नेगी को सम्मानित किया। वहीं परिवर्तन चौरिटेबल ब्लड सेंटर, ऋषिकेश के संचालक अमन रंधावा ने भी समूह की टीम को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आधारशिला रक्तदान समूह ने कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में रक्तदान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक सशक्त सामाजिक अभियान का रूप दिया है। समूह की सक्रियता और सेवा भावना के कारण अनेक जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो रहा है, जिससे कई लोगों को नया जीवन मिला है।
आधारशिला रक्तदान समूह पिछले कई वर्षों से रक्तदान जागरूकता अभियान चला रहा है। समूह ने हिमालयन हॉस्पिटल, एम्स ऋषिकेश, इन्द्रेश हॉस्पिटल तथा परिवर्तन चौरिटेबल ब्लड सेंटर सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से 100 से अधिक रक्तदान शिविरों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बीते पांच से छह वर्षों में ही लगभग 40 से 45 शिविर आयोजित कर हजारों यूनिट रक्त संग्रहित कराया गया है।
समूह की सेवाएं केवल रक्तदान शिविरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त उपलब्ध कराने के लिए इसके सदस्य चौबीसों घंटे तत्पर रहते हैं। कोटद्वार के अलावा देहरादून, हरिद्वार, नजीबाबाद, बिजनौर तथा उत्तर भारत के अन्य क्षेत्रों में भी रक्त की आवश्यकता पड़ने पर समूह के स्वयंसेवक तत्काल सहायता के लिए आगे आते हैं।
वर्तमान में आधारशिला रक्तदान समूह से लगभग 700 स्वैच्छिक रक्तदाता जुड़े हुए हैं, जो निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दे रहे हैं। समूह इस बात का प्रेरणादायी उदाहरण है कि सामूहिक प्रयास और सेवा भाव से अनगिनत लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने आधारशिला रक्तदान समूह के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
शिवम् नेगी, मीडिया प्रभारी, आधारशिला रक्तदान समूह, कोटद्वार



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



