समाचार सच, देहरादून। लॉकडाउन का चौथा चरण 31 मई को समाप्त हो रहा है, लेकिन इसके बाद लॉकडाउन बढ़ेगा या समाप्त होगा, इसको लेकर राज्य की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि यह केंद्र सरकार तय करेगी। राज्य की ओर से केंद्र से कुछ रियायतें दिए जाने का सुझाव भेजा है, लेकिन अंतिम फैसला केंद्र का है।
लॉकडाउन बढ़ाने या समाप्त करने पर राज्य सरकार के निर्णय को लेकर पूछे सवाल पर कौशिक ने कहा कि हमारी ओर से इस तरह का कोई प्रस्ताव केंद्र को नहीं भेजा है। सरकार ने केंद्र से पर्यटन गतिविधियां, धार्मिक गतिविधियां, शापिंग माल और सिनेमाघर खोलने की अनुमति मांगी है। स्कूल कालेज खोलने का प्रस्ताव राज्य की ओर से नहीं भेजा गया है। ऐसी संभावना है कि केंद्र सरकार लॉकडाउन का पांचवां चरण ला सकती है। अगर ऐसा होता है तो राज्य को कुछ और रियायतें दी जाएं, जिससे आर्थिक गतिविधियों का संचालन हो सके।
प्रदेश सरकार के दुकानों को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खोलने के निर्णय लेने के बाद शासनादेश जारी हुआ। शासन स्तर से आदेश जारी करने में हुई देरी के कारण कई जिलों में असमंजस की स्थिति बनी रही। कुछ जिलों ने तो आदेश के अभाव में शाम चार बजे दुकानें बंद करवा दी। अब सभी जिलों में दुकानों को सुबह सात से शाम सात बजे तक खोला जा सकेगा। प्रदेश में लौटे उत्तराखंड के प्रवासियों में सर्वाधिक संख्या महाराष्ट्र से आए लोगों की है। वापस आए प्रवासियों में से 57 प्रतिशत महाराष्ट्र से हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों से बड़ी कम संख्या में लोग लौटे हैं।

https://www.edumount.org/
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















