सांसद दिनेश आर्य और विधायक बंशीधर भगत ने किया शुभारंभ, 250 स्टॉलों में 172 महिला स्वयं सहायता समूहों के नाम, लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को दस दिवसीय राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 3 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में देश के 29 राज्यों के स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी से मैदान में विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की अनूठी झलक देखने को मिल रही है।
मेले में कुल 250 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें से 172 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के लिए आवंटित किए गए हैं। यहां ग्रामीण महिलाओं और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर मिल रहा है।

महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को मिलेगा बढ़ावा: बंशीधर भगत
उद्घाटन अवसर पर विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मेले का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं, हस्तशिल्प और कलाकृतियों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही देशभर के समूहों को एक-दूसरे की कला, संस्कृति और कार्यशैली को जानने-समझने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्लोकल फॉर वोकलश् के मंत्र को आगे बढ़ाते हुए मेले में बायर-सेलर मीट का आयोजन भी किया जा रहा है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार और नए खरीदार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बेहतर बाजार : सांसद दिनेश आर्य
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि सरस मेले के माध्यम से मातृशक्ति द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को बेहतर मंच मिलेगा। यहां प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट और पारंपरिक उत्पादों को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन श्लोकल फॉर वोकलश् की अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले में शुद्ध देशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी आजीविका के नए अवसर भी विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य उत्पादक को बाजार और जरूरतमंद उपभोक्ता को बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराना है।

छपेली और कथक की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेले के उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति नैनीताल के कलाकारों ने श्तेरो नथुली को डोरश् गीत पर छपेली लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं के माध्यम से कलाकारों ने कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति और पहाड़ की जीवनशैली की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
वहीं सुजाता माहेश्वरी की टीम ने हनुमान चालीसा की शास्त्रीय संगीत शैली पर आधारित कथक नृत्य की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सुर, ताल और भाव-भंगिमाओं के सुंदर समन्वय से सजी इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर की विविधता
राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले में 29 राज्यों के स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी से देश के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प और स्थानीय कलाकृतियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। खास बात यह है कि 250 स्टॉलों में से 172 स्टॉल महिला स्वयं सहायता समूहों को दिए गए हैं। इससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की पहचान बढ़ाने और बिक्री के नए अवसर प्राप्त करने का मंच मिलेगा।
मेले के माध्यम से हल्द्वानी के लोगों को देशभर के पारंपरिक उत्पादों और सांस्कृतिक विविधता को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। वहीं ग्रामीण महिलाओं के हुनर, मेहनत और उद्यमिता को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन नवीन पांडेय ने किया।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित राष्ट्रीय सरस आजीविका मेले में आप सभी सादर आमंत्रित हैं। मेले में देश के 29 राज्यों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुओं की आकर्षक प्रदर्शनी एवं बिक्री की जा रही है। आप सभी परिवार सहित मेले में पहुंचें, महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें और देशभर की कला, संस्कृति एवं स्वाद का आनंद लें। आपका आगमन हमारे ग्रामीण उद्यमियों और मातृशक्ति का मनोबल बढ़ाएगा।
इस दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल जिला विकास अधिकारी संतोष पंत अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली जिला कृषि अधिकारी संतोषी जिला खाद्यय अधिकारी मनोज कुमार बर्मन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



