हरियाली तीज के रंग में रंगा हल्द्वानी, माहेश्वरी महिला मंडल ने सजाया यादगार उत्सव
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट-नीरू भल्ला।
हरियाली तीज के उल्लास, परंपरा और नारी सौंदर्य की छटा से माहेश्वरी महिला मंडल हल्द्वानी-काठगोदाम का माहौल सराबोर नजर आया। अवसर था हरियाली तीज महोत्सव का, जहां महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों, गीत-संगीत, मनोरंजक खेलों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। महोत्सव में आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और मानसिक सौंदर्य का शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनम माहेश्वरी ने तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया। वहीं सृकृति माहेश्वरी ने द्वितीय तथा आकांशा माहेश्वरी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
माहेश्वरी महिला मंडल हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से आयोजित हरियाली तीज महोत्सव की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल की अध्यक्षा सुजाता माहेश्वरी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में वैश्य महिला समिति हल्द्वानी की अध्यक्षा राशि जैन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर तीज पर्व की सांस्कृतिक विरासत और भारतीय नारी की परंपरागत खूबसूरती को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। निर्णायिका एवं संरक्षिका सविता लाहोटी तथा अलका माहेश्वरी ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन केवल बाहरी सुंदरता के आधार पर नहीं, बल्कि उनकी बुद्धिमत्ता, आत्मविश्वास, व्यवहार-कौशल और मानसिक सुंदरता को प्रमुख आधार बनाकर किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सोनम माहेश्वरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
इस दौरान आयोजित विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गीत-संगीत, हंसी-ठिठोली और मनोरंजक गतिविधियों से पूरा वातावरण उत्सवमय बना रहा। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए तीज पर्व की उमंग को यादगार बनाया।
माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्षा सुजाता माहेश्वरी ने कहा कि हरियाली तीज भगवान शिव और माता पार्वती के पावन मिलन एवं शुभ विवाह की स्मृति में मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व भारतीय संस्कृति, दांपत्य प्रेम, सौभाग्य और नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी मेलजोल और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर माहेश्वरी महिला मंडल की संरक्षिका सविता लाहोटी, महामंत्री रश्मि गुप्ता, वैश्य महिला समिति की कोषाध्यक्ष ज्योति देवल, माहेश्वरी महिला मंडल की कोषाध्यक्ष सोनम माहेश्वरी, रेनू शारदा, अलका माहेश्वरी, रश्मि माहेश्वरी, विद्या गुप्ता, रुचि माहेश्वरी, बीना माहेश्वरी, पिंकी शारदा, अर्चना माहेश्वरी, सीमा माहेश्वरी, सुमिता लाहोटी, गरिमा काबरा, स्वाति माहेश्वरी, आकांक्षा माहेश्वरी, सुमन लता माहेश्वरी, प्रज्ञा माहेश्वरी, स्मृति शारदा, स्मृति माहेश्वरी, दिवांगना माहेश्वरी, कुनिका डागा, रितिका शारदा, सीमा देवल, मंजू वार्ष्णेय, अन्नपूर्णा गुप्ता, प्रियंका वार्ष्णेय, खुशबू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्याएं एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर माहेश्वरी फूड इंडस्ट्रीज की ओर से बीना माहेश्वरी द्वारा महोत्सव में शामिल सभी महिलाओं को फूड हैम्पर भेंट किए गए। उपहार पाकर महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे आयोजन के दौरान तीज के पारंपरिक रंग, उमंग और उत्साह की शानदार झलक देखने को मिली।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



