समाचार सच, हल्द्वानी। उच्च शिक्षा, सहकारिता, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत ने कार्यदायी संस्थाओं को महाविद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। समय से कार्य पूरा न होने पर ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा। वह शनिवार को उच्च शिक्षा निदेशालय में समीक्षा बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते पिछड़े कार्यों को तेजी लाते हुए पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में समयबद्घता व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों में हीलाहवाली बरतने वाली संस्थाओं को ब्लैक लिस्ट करने में किसी भी प्रकार का संकोच नहीं किया जायेगा। उच्च शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्थाऐं बजट का उपयोग प्रमाण पत्र समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि अगली किश्त जारी की जा सके। डॉ रावत ने कार्यदायी संस्था यूपी निर्माण निगम के अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि वह उत्तराखण्ड ओपन विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्य 30 नवम्बर तक पूरा करना सुनिश्चित करें। साथ ही एसडीएम हल्द्वानी को निर्देश दिए कि वह समय-समय पर इन कार्यों का निरीक्षण करें। उन्होंने अमोड़ी महाविद्यालय का निर्माण कार्य मार्च 2021 तक पूरा करने, राजकीय महाविद्यालय मनुस्यारी का निर्माण कार्य 31 अक्टूबर तक, राजकीय महाविद्यालय बनबसा का कार्य 27 सितम्बर तक, रूद्रपुर डिग्री कॉलेज का अक्टूबर के प्रथम सप्ताह तक, एमबीपीजी कॉलेज में निर्माण कार्य 10 अक्टूबर तक, डिग्री कॉलेज सोमेश्वर का कार्य अक्टूबर प्रथम सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उच्च शिक्षा मंत्री ने समाज कल्याण के अन्तर्गत नए छात्रावास बनाये जाने हेतु मानकों के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी कार्यदायी संस्था मण्डी परिषद के अभियंताओं को दिए हैं। साथ ही उन्होंने विभिन्न संकायों में सृजित व रिक्त पदों की विषयवार गहनता से समीक्षा की और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में निदेशक उच्च शिक्षा डॉ.कुमकुम रौतेला, कुलपति उत्तराखण्ड ओपन यूनिवर्सिटी प्रो.ओपीएस नेगी, निदेशक समाज कल्याण विनोद गिरी गोस्वामी, उप निदेशक एनएस बनकोटी, सहायक निदेशक डॉ.एचएस नयाल, प्रेम प्रकाश के अलावा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी आदि मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


