समाचार सच, लालकुआं डेस्क। लालकुआं क्षेत्र में विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतका के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल किए जाने का आरोप सामने आया था। मामले में एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में लिया है।
मामला ग्राम गंगापुर कबडाल, मोटाहल्दू का है। यहां एक महिला ने 6 अगस्त 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के संबंध में मृतका के पिता राजेन्द्र प्रसाद, निवासी मुक्तेश्वर ने लालकुआं थाने में तहरीर दी थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया था कि मृतका का उसके पति के हेल्पर आशिक अली से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और उसका घर पर भी आना-जाना था। आरोप है कि आशिक अली ने मृतका को अपने जाल में फंसाकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल किया। इससे वह मानसिक रूप से परेशान थी और इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि साहिब अली और देवेश गंगवार द्वारा मृतका के पति विजय पलड़िया को कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालकुआं में मुकदमा अपराध संख्या 146/2026, धारा 108/351(2) भारतीय न्याय संहिता-2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
मामले की विवेचना चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी द्वारा की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रकरण की जांच की।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आशिक अली पुत्र मशरूफ अली, निवासी बेरहम नगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गुमटी, हल्दूचौड़ को 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पुलिस के अनुसार आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाने तथा भेजने में किया गया था।
वहीं, साहिब अली पुत्र भूरे शाह, निवासी बेरमनगर, थाना शेरगढ़, जिला बरेली और देवेश गंगवार, निवासी लालकुआं, जनपद नैनीताल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ धमकी देने और मामले में उनकी संभावित संलिप्तता से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है तथा दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



