
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- नीरू भल्ला
गौलापार स्थित इम्पीरियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह, उमंग और राष्ट्रप्रेम के माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर में सुबह से ही देशभक्ति का रंग देखने को मिला। छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाई।
समारोह की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक रणवीर सिंह मेहरा, करणवीर सिंह गंगोला और प्रधानाचार्या राधा ऐठानी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। राष्ट्रगान के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों तक ने पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच संभाला। स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के संघर्ष एवं बलिदान पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
मंच से ‘विविधता में एकता’, ‘राष्ट्रप्रेम’, ‘देशभक्ति’ और ‘कर्तव्य’ जैसे संदेश भी दिए गए। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता का सम्मान केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। ईमानदारी, अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी देशसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ के सहयोग से पूरा आयोजन गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
इम्पीरियम स्कूल का स्वतंत्रता दिवस समारोह विद्यार्थियों के मन में ‘मेरा देश, मेरी शान’ की भावना को और गहरा करने वाला रहा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



