समाचार सच, रुड़की।
जिस रिश्ते में बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर उसकी लंबी उम्र की दुआ करती है, उसी भाई पर अब दो सगी बहनों की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। उत्तराखण्ड के रुड़की में मंगलवार देर शाम हुई इस खौफनाक वारदात ने भाई-बहन के रिश्ते को भी सवालों के घेरे में ला दिया है। एक ही परिवार की दो बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके जीजा को भी गोली लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सनसनीखेज वारदात गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर-आजाद नगर, पनियाला रोड स्थित माता मंदिर के सामने गली नंबर-5 में सामने आई। गोलियों की ताबड़तोड़ आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में सामने आया कि परिवार के ही एक युवक विक्की पर अपनी दो सगी बहनों पर फायरिंग करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले गणेशपुर निवासी अपनी बहन शकुंतला को गोली मारी। इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी बहन पुष्पा और उसके पति पर भी फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों बहनों की मौत हो गई, जबकि पुष्पा के पति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत की खबर जैसे ही इलाके में फैली, वहां मातम छा गया। जिस घर में भाई-बहन के रिश्ते की यादें और परिवार की खुशियां थीं, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। वारदात ने आसपास रहने वाले लोगों को भी स्तब्ध कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।
वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। शुरुआती तौर पर घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विक्की नाम के युवक ने अपनी दो सगी बहनों की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी मिली, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
रुड़की में हुई इस दोहरे हत्याकांड की वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जिस भाई की कलाई पर बहनें राखी बांधती हैं, वही रिश्ता इतनी खौफनाक वारदात तक कैसे पहुंच गया?

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



