
समाचार सच, हल्द्वानी। पुर्ननवा महिला समिति द्वारा पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच हीरानगर हल्द्वानी में महिलाओं की रामलीला में शनिवार को कलाकारों ने शूर्पनखा नासिका छेदन, खर-दूषण वध तथा सीताहरण तक की लीला का मंचन किया। छठे दिन राम-लक्ष्मण को शूर्पनखा द्वारा रिझाने, लक्ष्मण द्वारा काटने, खर-दूषण वध और सीता हरण सहित कई दृश्यों में संवाद व प्रसंग इतने भावमय, संवेदना से भरे थे। इस दौरान कलाकारों के सुन्दर गायन, अभिनय की भूरि-भूरि सराहना करते हुए लीला मंचन का आनन्द लिया। लोगों ने घरों में बैठे आनलाईन इस रामलीला का मंचन भी देख रहे हैं।

छठे दिन लीला में पंचवटी में रावण की बहन शूर्पनखा का राम-लक्ष्मण के पास जाना और उन पर आसक्त होकर अपना रूप बदल सुंदर स्त्री का वेश धारण कर विवाह का प्रस्ताव रखने के प्रसंग का बड़े ही मनोहारी तरीके से मंचन किया गया। राम-लक्ष्मण द्वारा शूर्पनखा के विवाह के प्रस्ताव को अस्वीकार कर देने, लक्ष्मण के क्रोधित हो जाने और उसके बाद उसकी नाक काट दिए जाने के प्रसंग का सजीवता से मंचन किया गया। तत्पश्चात शूर्पणखा का खर दूषण के पास पहुंचना, उसका श्रीराम के हाथों वध हो जाना। बाद में शूर्पनखा लंका में अपने भाई रावण के पास पहुंची। रावण ने उसकी बात सुनकर अपने मामा मारीच को मृग का रूप बनाकर भेजा। सीता के जिद करने पर राम मृग मारने वन में चले गए। बाद में लक्ष्मण भी राम की सहायता के लिए वन में चले गए। फिर रावण ने योगी का भेष बनाकर सीता का हरण कर लिया।
शूर्पनखा ने मेरा रूप देख कर चंद्रमा शरमा गया… आदि गानों पर नृत्य प्रस्तुत कर तथा खर-दूषण के संवाद ने सभी का मन मोह लिया। अतिथियों तथा दर्शकों ने कलाकारों के अति सुन्दर गायन व अभिनय के लिये उनके उत्साहवर्धन हेतु खूब तालियां बजायी।
आज की लीला मंचन में इन लोगों ने निभाई भूमिका
रामलीला मंचन में राम की भूमिका मानसी, लक्ष्मण-लक्षिता, सीता-तेजस्वनी, वन स्त्री-अदिति और कंचन तिवारी, खर- सुमन शाह, दूषण -राधा मिश्रा, मंत्री -दीपा तिवारी ,दूत- उर्वशी, बोरा, रावण- गीता दरमवाल, जोगी रावण- नीतू रौतेला, जटायू- सोना तिवारी, नर्तकी -स्वस्तिका बोरा, सूर्पनखा- पूजा लटवाल, और हनी तिवारी, सीता -तेजस्विनी, मारिच- राधा मिश्रा आदि कलाकार शामिल रहें।
आज लीला मंचन में मुख्य अतिथि के रूप में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया और उनकी धर्मपत्नी गीतिका बल्यूटिया, पूर्व पालिकाध्यक्ष हेमंत बगड्वाल, शोभा बिष्ट, राजेन्द्र सिंह बिष्ट, त्रिलोक बनौली, देवेंद्र तोलिया ने शिरकत की। वहीं समिति की अध्यक्ष लता बोरा, उपाध्यक्ष यशोदा रावत, सचिव शांति जीना, प्रचार सचिव सुश्री कल्पना रावत, जानकी पोखरिया, जया बिष्ट, तुलसी रावत, प्रेमा बृजवासी, मंजू बनकोटी, कुसुम बोरा, अंजना बोरा, निर्मला बहुगुणा सहित आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



