समाचार सच, हल्द्वानी। नगर में दहेज प्रताड़ना का एक और मामला प्रकाश में आया है। दहेजलोभी ससुरालियों ने जहां विवाह में ही दहेज की मांग कर दी। वहीं विवाह के बाद विवाहिता को कम दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कालाढूंगी के वार्ड नंबर दो में रहने वाली भावना गोस्वामी पुत्री हरीश गोस्वामी का कहना है कि उसका विवाह 16 अप्रैल 2019 को मूल निवासी मंडलसेरा बागेश्वर व हाल में आनन्द विहार, फेज-1, ब्लॉक ऑफिस के पास रहने वाले सूरज गिरी गोस्वामी पुत्र जोगा गिरी गोस्वामी के साथ हुआ था। विवाह के समय मायके पक्ष ने ससुरालियों की मांग के तहत डेढ़ लाख रूपये की नगदी, आभूषण समेत सामर्थ्यानुसार दान व उपहार भी दिये। लेकिन दहेजलोभी ससुराली इससे नाखुश दिखे। विवाह के कुछ समय बाद ही उसे दहेज कम लाने को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। इस बीच उसका व उसके पति का एक्सीडेंट होने के बाद ससुरालियों की प्रताड़ना और बढ़ गई। दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। साथ ही पति उस पर जॉब स्थानान्तरित कराने का दबाव बनाने लगा। विवाहिता के अनुसार 10 जनवरी 2020 की रात पति ने उसे बुरी तरह मारा-पीटा। उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और मायके चली गई। इस बीच उसकी शिकायत का महिला समाधान केंद्र में निस्तारण कर दिया गया। इसके बाद से वह मायके में रह रही है। आरोप है कि उसका स्त्री धन भी ससुरालियों ने हड़प लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दहेजलोभी ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












