मुक्तेश्वर में छात्राओं ने दिखाई हिम्मत, वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच में जुटी
समाचार सच, नैनीताल। नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र में छात्राओं से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि बाहरी क्षेत्र से आए दो युवकों ने स्कूल और बाजार जा रही छात्राओं पर अभद्र टिप्पणियां कीं और उनसे छेड़छाड़ की कोशिश की। इसके बाद छात्राओं ने साहस का परिचय देते हुए दोनों युवकों को बीच सड़क पर ही पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दोनों युवकों की जमकर धुनाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों का मुंह काला किया गया और उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार सुबह कुछ छात्राएं स्कूल और बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दोनों युवक कथित रूप से उनका पीछा करते हुए अभद्र हरकतें करने लगे। छात्राओं ने पहले उन्हें नजरअंदाज किया, लेकिन जब हरकतें नहीं रुकीं तो उन्होंने खुद मोर्चा संभाल लिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी युवक किस क्षेत्र के रहने वाले हैं और गांव में किस उद्देश्य से आए थे।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि छात्राओं से छेड़छाड़ की शिकायत सामने आई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में यदि युवक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



