योजना का विस्तार नवंबर तक करने की घोषणा अभूतपूर्व : बंशीधर भगत

समाचार सच, देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का विस्तार नवंबर तक करने की घोषणा को अभूतपूर्व करार दिया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के 69 लाख से ज्यादा लोगों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गरीब हटाओ का कोरा नारा दिया था, मगर कांग्रेस के कार्यकाल में गरीब उपेक्षित रहे और गरीबों की संख्या बढ़ी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेशों की भाजपा सरकारें गरीबों के हितों के लिए लगातार काम कर रही हैं। श्री भगत ने कोरोना काल में कांग्रेस नेताओं पर गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने को केंद्र व राज्य सरकारें प्रयासरत हैं, वहीं विपक्षी कांग्रेस महामारी के काल को राजनीतिक अवसर के तौर पर भुनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के धरना-प्रदर्शन को भी महज नौटंकी करार दिया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












