
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और पारंपरिक वस्तुओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने पहल की है। नगर निगम कार्यालय परिसर में निगम की ओर से तैयार किए गए शुद्ध बताशों और खिलौनों की बिक्री के लिए विशेष स्टाल लगाए गए हैं। गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने इन स्टालों का विधिवत शुभारंभ किया।
उद्घाटन के अवसर पर महापौर ने स्वयं स्टालों से बताशे और खिलौने खरीदकर इस पहल का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को प्रोत्साहन देना समय की जरूरत है। इससे न केवल पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
महापौर ने आमजन और विशेष रूप से सनातनी समाज के लोगों से अपील की कि वे नगर निगम द्वारा लगाए गए इन स्टालों से शुद्ध बताशों एवं खिलौनों की खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों में जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। जब लोग स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तभी इन्हें बाजार में नई पहचान और प्रोत्साहन मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना भी है। निगम भविष्य में भी इस तरह की पहल जारी रखेगा।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सम्मानित पार्षदगण तथा नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



