समाचार सच, लालकुआं। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
देवशिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के दुग्धशाला प्लांट परिसर में आस्था और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर सुंदरकांड पाठ, हवन-यज्ञ और विधिवत पूजा-अर्चना से पूरा प्लांट परिसर भक्तिमय हो उठा। भगवान विश्वकर्मा के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा और अधिकारियों-कर्मचारियों ने संघ की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि की कामना की।
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्लांट में स्थापित मशीनरी एवं विभिन्न उपकरणों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर मशीनरी के सुचारु संचालन, कार्यों में सफलता तथा नैनीताल आँचल दुग्ध संघ की निरंतर उन्नति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इसके बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। सुंदरकांड पाठ के उपरांत हवन-यज्ञ आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद भगवान विश्वकर्मा की विधिवत आरती की गई। आरती के दौरान पूरा परिसर ‘भगवान विश्वकर्मा की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
अध्यक्ष मुकेश बोरा बोले-कर्मचारियों की मेहनत से आगे बढ़ रहा दुग्ध संघ
इस अवसर पर नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा केवल निर्माण और शिल्प के देवता ही नहीं, बल्कि कर्म, तकनीक, सृजन और निरंतर प्रगति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ की पूरी कार्यप्रणाली मशीनरी, तकनीक और कर्मचारियों की मेहनत से जुड़ी है, ऐसे में विश्वकर्मा जयंती का आयोजन सभी के लिए विशेष महत्व रखता है।
मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध संघ को लगातार आगे ले जाने के लिए गुणवत्ता, बेहतर कार्यप्रणाली और उपभोक्ताओं के विश्वास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए दुग्ध उत्पादकों और उपभोक्ताओं के हित में पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से संघ के दुग्ध उत्पादकों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुख-समृद्धि तथा संस्था की निरंतर उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम में सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, सुरेश चंद्र, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, प्रभारी यांत्रिक राजू दुमका, प्रभारी उत्पादन उमेश सिंह राणा, दिनेश चंद्र जोशी, विनोद सुनाल, संतोष करायत, लाल सिंह बिष्ट, मोहन पाठक, प्रवीण कोहली, विनोद, दिनेश कुलौरा, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, पुष्पा तिवाड़ी, अंजू कांडपाल, सोनाली, बबीता, शंकर दत्त शर्मा सहित दुग्ध संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
विश्वकर्मा जयंती का यह आयोजन जहां धार्मिक आस्था से जुड़ा रहा, वहीं इसने दुग्ध संघ के अधिकारियों-कर्मचारियों को एक साथ मिलकर संस्था की प्रगति और बेहतर कार्यप्रणाली के संकल्प से भी जोड़ा।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



